Home देश-विदेश दुखद: बर्फीले तूफान में फंसे भारतीय सेना के 7 जवान शहीद

दुखद: बर्फीले तूफान में फंसे भारतीय सेना के 7 जवान शहीद

Arunachal-Avalanche 7 soldier martyred

Arunachal Pradesh: अरुणांचल प्रदेश से देश के लिए एक बहुत दुखद खबर आई है। भारतीय सेना की ओर से आई जानकारी के मुताबिक अरुणाचल प्रदेश में 6 फरवरी को हिमस्खल की चपेट में आने के चलते सेना के 7 जवान शहीद हो गए हैं। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक ये जवान रविवार 6 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश के कामेंग सेक्टर में ऊंचाई वाले क्षेत्र में हिमस्खलन की चपेट में आ गए थे, जिसके बाद तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया था। सेना की ओर से कहा गया है कि सर्च ऑपरेशन अब समाप्त हो गया है और सभी 7 जवानों के शव हिमस्खलन स्थल से बरामद किए गए हैं। सेना ने कहा कि यह क्षेत्र 14,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित है और पिछले कुछ दिनों से भारी बर्फबारी के साथ-साथ यहां मौसम काफी खराब रहा है। बयान में कहा गया है कि जवानों के शवों को आगे की औपचारिकताओं के लिए हिमस्खलन स्थल से निकटतम सेना चिकित्सा सुविधा में ले जाया जा रहा है।

इस बर्फीले तूफान में शहीद हुए सैनिकों में भारतीय सेना (पूर्वी कमान) के हवलदार जुगल किशोर, आरएफएन अरुण कट्टल, आरएफएन अक्षय पठानिया, आरएफएन विशाल शर्मा, आरएफएन राकेश सिंह, आरएफएन अंकेश भारद्वाज और जीएनआर गुरबाज सिंह हैं।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने हिमस्खलन में फंसे जवानों के शहीद होने पर संवेदना व्यक्त की है। राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर कहा, “अरुणाचल प्रदेश में हिमस्खलन की चपेट में आए भारतीय सेना के जवानों के शहीद होने से गहरा दुख हुआ। इन वीर जवानों ने देश की सेवा करते हुए अपनी जान गंवाई है। मैं उनके साहस और सेवा को सलाम करता हूं। उनके शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदना।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमस्खलन में फंसे जवानों के शहीद होने पर दुख जताते हुए कहा कि अरुणाचल प्रदेश में हिमस्खलन में भारतीय सेना के जवानों के शहीद होने से दुखी हूं। हम अपने देश के लिए उनकी अनुकरणीय सेवा को कभी नहीं भूलेंगे। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना।