श्रीनगर : पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर क्षेत्र में आज सुबह घास काट रही एक महिला पर दिन दहाड़े गुलदार ने हमला कर दिया। गुलदार के हमले में महिला बुरी तरह से घायल हो गयी है।
जानकारी के मुताबिक आज सुबह करीब 11 बजे श्रीनगर क्षेत्र के अंतर्गत गंगादर्शन मोड़ के नजदीक उफल्डा की कुछ महिलाएं घास काटने गई थी। इसीबीच घात लगाये बैठे गुलदार ने एक महिला सुधा देवी पर अचानक पीछे से हमला कर दिया। महिला की चीखपुकार के बाद आसपास की महिलाओं के शोर मचाने पर गुलदार वहां से भाग निकला। गुलदार के हमले में महिला बुरी तरह से जख्मी हो गयी है।
महिलाओं द्वारा घटना की सूचना दिए जाने के बाद घायल महिला को संयुक्त चिकित्सालय लाया गया है। जहां महिला को प्राथमिक उपचार दिया गया। गुलदार के हमले के बाद अब क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। अभी कुछ दिन पहले इसी घटनास्थल के नजदीक गुलदार ने एक पत्रकार पर भी हमला किया था। जिसमे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।