road accident in Sirohi Rajasthan

Road Accident Sirohi: राजस्थान के सिरोही जिले से एक बेहद दुखद खबर आई है। यहाँ शिवगंज-सुमेरपुर नेशनल हाइवे पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी है। चारों मृतक उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल के थलीसैण के रहने वाले थे। मृतकों में पति=पत्नी और 2 छोटे बच्चे शामिल हैं। टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

मिली जानकारी के मुताबिक शिवगंज-सुमेरपुर नेशनल हाइवे पर शुक्रवार शाम को ट्रक और कार की आमने सामने टक्कर हो गयी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में कार सवार चारों की मौत हो गयी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग दौड़कर कार के पास पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकलाने की कोशिश करते हुए पुलिस को सूचना दी। हादसे की सूचना पर शिवगंज और सुमेरपुर पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से मृतकों के शवों को कार से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि कार का टायर फटने से कार उछलकर रांग साइड चली गयी थी जिसके चलते सामने से आ रहे ट्रक से कार की टक्कर हो गयी। फिलहाल मामले की जांच कर रही है।

हादसे का शिकार हुए लोग पौड़ी गढ़वाल के निवासी थे

इस दर्दनाक हादसे में मारा गया परिवार पौड़ी गढ़वाल के थलीसैंण ब्लॉक के ग्राम रणगांव का रहने वाला था। रणगांव के मूल निवासी एंव दिल्ली भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ता उदय ममगाईं राठी ने बताया कि मृतक गुलाब सिंह नेगी उनके गाँव का होनहार और मिलनसार युवक था। उन्होंने बताया कि गुलाब सिंह एयरफ़ोर्स में भर्ती हुआ था और वर्तमान में अपने परिवार (पत्नी व 2 बच्चों) के साथ राजस्थान या महाराष्ट्र में रहता था। उन्होंने बताया कि अभी इसी हफ्ते गुलाब सिंह नेगी के पिताजी PWD से रिटायर हुए थे। उन्हीं की रिटायरमेंट की पार्टी में शामिल होने के लिए गुलाब सिंह अपने परिवार के साथ गाँव आया था। और कल ड्यूटी पर वापस जाते समय उनके परिवार के साथ यह दुखद हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना से पूरे गाँव मातम छाया हुआ है।