नई दिल्ली: भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी आईपीएस मिलिंद महादेव डुंबरे को उनकी उत्कृष्ट, निष्ठावान एवं प्रभावी सेवाओं के लिए विशिष्ट सेवा पदक (Medal for Meritorious Service – MSM) से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उनके द्वारा कानून-व्यवस्था, जन-सुरक्षा एवं प्रशासनिक सुधारों के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
2006 बैच के एजीएमयूटी कैडर के अधिकारी आईपीएस डुंबरे ने अपने सेवा काल में मिजोरम, चंडीगढ़, पुडुचेरी, दमन एवं दीव, दादरा एवं नगर हवेली तथा दिल्ली जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए अपनी दक्षता और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है। इन क्षेत्रों में उन्होंने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दिल्ली में डीसीपी (उत्तर-पश्चिम एवं दक्षिण-पश्चिम) के साथ-साथ उत्तर दिल्ली नगर निगम में संयुक्त पुलिस आयुक्त के रूप में उनकी कार्यशैली को विशेष सराहना मिली। इस दौरान उनकी त्वरित निर्णय-क्षमता, जमीनी स्तर पर सक्रिय नेतृत्व और जनहित केंद्रित दृष्टिकोण ने उन्हें एक प्रभावशाली प्रशासक के रूप में स्थापित किया।
पुलिस आधुनिकीकरण, तकनीकी नवाचार तथा सामुदायिक पुलिसिंग पर उनका निरंतर फोकस उन्हें एक दूरदर्शी और संवेदनशील अधिकारी के रूप में पहचान दिलाता है। विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित होना न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे पुलिस बल के लिए यह प्रेरणास्रोत है कि ईमानदारी, पेशेवर उत्कृष्टता और जनसेवा को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलता है।



