पौड़ी: जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत बुधबार 11 फरवरी 2026 को विकासखंड कल्जीखाल की न्याय पंचायत पंचाली में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 25 शिकायतें दर्ज की गई। जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं 110 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। शिविर में कुल 250 लोगों ने प्रतिभाग किया।

शिविर में अपर सचिव पशुपालन, मत्स्य एवं शहरी विकास संतोष बडोनी ने प्रतिभाग किया। उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान सरकार की एक जनहितकारी पहल है, जिसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं का समाधान उनके द्वार पर ही किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान से आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ सरलता से उपलब्ध हो रहा है।

उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से जनता को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर मिल रही हैं, जिससे समय और संसाधनों की बचत हो रही है। साथ ही सरकार की प्राथमिकता है कि हर व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा की आयोजित बहुउद्देशीय शिविरों की सूचना समय रहते प्रत्येक नागरिक को मिल जानी चाहिए ताकि फरियादी समय रहते अपनी समस्या को लेकर पूरी तैयारी के साथ सरकार जन जन की द्वार कार्यक्रम में उपस्थित हो सकें।

शिविर की अध्यक्षता डीएफओ सिविल एवं सोयम पवन नेगी ने द्वारा किया गया। उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को शेष शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। डीएफओ ने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से आम जनमानस को सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे मिल रहा है और समस्याओं के समाधान में भी तेजी आ रही है।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, बाल विकास विभाग, कृषि, उद्यान, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, पशुपालन, राजस्व सहित कुल 23 विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही मौके पर आवेदन और समाधान भी किए गए।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख गीता देवी, ग्राम प्रधान पंचाली अशोक रावत,क्षेत्र पंचायत सदस्य गढ़कोट श्रीमती कविता देवी,क्षेत्र पंचायत सदस्य श्रीमती अंजू रावत,नोडल अधिकारी  जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह,  खंड विकास अधिकारी चंद्र प्रकाश बलूनी, एडीओ पंचायत प्रदीप गुसाईं, मत्स्य निरीक्षक सौरभ जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।