श्रीनगर गढ़वाल: कांग्रेस सेवा दल पौड़ी गढ़वाल के जिला अध्यक्ष संजय फौजी भाई ने श्रीनगर स्थित वीर चंद्र सिंह गढ़वाली राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान (श्रीनगर मेडिकल कॉलेज) में स्थापित कैथ लैब के संचालन न होने पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल को ज्ञापन भेजकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि बेस चिकित्सालय श्रीनगर में लगभग 6 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से स्थापित कार्डियक कैथ लैब का उद्घाटन 19 जुलाई 2024 को किया गया था। उद्घाटन के बाद केवल दो दिनों तक ही इसका संचालन हुआ और इस दौरान लगभग पांच मरीजों के ऑपरेशन किए गए। इसके बाद से कैथ लैब नियमित रूप से संचालित नहीं हो सकी।
ज्ञापन के अनुसार कैथ लैब में हृदय रोग विशेषज्ञ और तकनीशियन की नियमित नियुक्ति नहीं होने के कारण अधिकांश मरीजों को उपचार के लिए देहरादून अथवा अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही समय पर उपचार न मिलने से मरीजों की जान पर भी खतरा मंडरा रहा है।
कांग्रेस सेवा दल ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये की लागत से तैयार की गई यह महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा वर्तमान में आम जनता को अपेक्षित लाभ नहीं दे पा रही है। संगठन ने सरकार से मांग की है कि कैथ लैब के संचालन में आ रही बाधाओं को तत्काल दूर कर विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं तकनीकी कर्मचारियों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि गढ़वाल मंडल के हृदय रोगियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार उपलब्ध हो सके।
संजय फौजी भाई ने स्वास्थ्य मंत्री से मामले का संज्ञान लेकर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल तथा मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के प्राचार्य को भी भेजी गई है।



