Pauri Garhwal Debris enters goat shed due to heavy rain two goats die

पौड़ी गढ़वाल: विकासखंड कल्जीखाल के ग्राम डांगी गांव के अंतर्गत कंटरखोली तोक में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ी से अचानक मलबा और पत्थर बकरी बाड़े में घुस गए, जिससे बकरी पालक भीम सिंह की दो बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य बकरियां घायल हो गईं।

घटना के समय बकरी बाड़े के भीतर परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। यदि उस समय कोई अंदर होता तो बड़ा जानमाल का नुकसान हो सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग, राजस्व विभाग और पशुपालन विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। तीनों विभागों ने संयुक्त रूप से स्थिति का आकलन कर आवश्यक विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है।

राजस्व उप निरीक्षक यशवंत सिंह ने बताया कि पशु चिकित्सकों द्वारा मृत बकरियों का परीक्षण कर आवश्यक रिपोर्ट तैयार की गई है। दैवीय आपदा के तहत पीड़ित पशुपालक को उचित मुआवजा दिलाने के लिए रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी गई है।

वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता जगमोहन डांगी ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।