इंदिरापुरम: गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के ज्ञानखंड-1 स्थित पार्क नंबर 1 में बृहस्पतिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। भारी बारिश के बाद पार्क में हुए जलभराव के कारण अचानक करंट दौड़ गया। इसकी चपेट में आने से पास की ही एक सोसायटी में सफाई का काम करने वाले 25 वर्षीय युवक बबलू उर्फ नरेंद्र की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मृतक बबलू उर्फ नरेंद्र काछी मध्यप्रदेश के छतरपुर अंजनौर का रहने वाला था। वह इंदिरापुरम ज्ञानखंड की एक सोसायटी में साफ-सफाई का काम करता था। 9 जुलाई की दोपहर वह पार्क नंबर 1 के पास स्थित एक ट्रांसफॉर्मर के नीचे खड़ा था, तभी जलभराव के कारण वह करंट की चपेट में आ गया। सोसायटी निवासी एक व्यक्ति ने उसे नीचे गिरा हुआ देखकर पहले बिजली की लाइन कटवाई और फिर अस्पताल ले गए। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।



