युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखकर सकारात्मक जीवन मूल्यों की ओर प्रेरित करेगी पुस्तक : डॉ. धन सिंह रावत

देहरादून। उत्तराखंड के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्रख्यात साहित्यकार एवं शिक्षक अखिलेश चन्द्र चमोला की नवीन पुस्तक ‘अनमोल प्रेरणा दायिनी प्रसंग’ का विधिवत विमोचन किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा, साहित्य, चिकित्सा तथा समाजसेवा से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

पुस्तक का विमोचन करते हुए डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि वर्तमान समय में युवा पीढ़ी को नशे, अवसाद और सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के लिए सकारात्मक एवं मूल्यपरक साहित्य की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि शिक्षक होने के साथ-साथ साहित्य सृजन के माध्यम से समाज को दिशा देने का अखिलेश चन्द्र चमोला का प्रयास सराहनीय और अनुकरणीय है।

उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि ‘अनमोल प्रेरणा दायिनी प्रसंग’ जैसी पुस्तकें युवाओं में नैतिक मूल्यों, सकारात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में सहायक सिद्ध होंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह कृति नई पीढ़ी को जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।

कार्यक्रम में एमआरआई मेडिकल कॉलेज के उपाचार्य डॉ. महेंद्र सिंह भंडारी ने भी पुस्तक की विषयवस्तु पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति और नैतिक मूल्यों के क्षरण के दौर में इस प्रकार का साहित्य अत्यंत प्रासंगिक है। उन्होंने पुस्तक को समाज के लिए उपयोगी एवं प्रेरणादायी बताया।

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े साहित्यकारों, शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों एवं समाजसेवियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और लेखक की साहित्यिक साधना की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि ऐसी प्रेरक पुस्तकें समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने तथा युवा पीढ़ी को सही दिशा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने लेखक अखिलेश चन्द्र चमोला को उनकी नई पुस्तक के प्रकाशन एवं विमोचन पर शुभकामनाएं देते हुए इसकी व्यापक सफलता की कामना की।