NCC Achiever’s Award–2026: दिल्ली निदेशालय के पूर्व एनसीसी कैडेट सुनील दत्त सिलवाल को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘NCC Achiever’s Award–2026’ से सम्मानित किया गया। वर्तमान में श्री सिलवाल LG Electronics India Ltd. में कार्यरत हैं। सुनील दत्त सिलवाल उत्तराखंड राज्य के मूल निवासी हैं.
यह सम्मान NCC Alumni Association द्वारा रक्षा मंत्रालय के मार्गदर्शन में आयोजित समारोह में महानिदेशक एनसीसी (Director General NCC) लेफ्टिनेंट जनरल वीरेन्द्र वत्स, AVSM, YSM, VSM के करकमलों से प्रदान किया गया। पुरस्कार समारोह 15 जुलाई, 2026 को मुख्यालय, महानिदेशक एनसीसी, परेड ग्राउंड, दिल्ली कैंट स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया।
‘NCC Achiever’s Award’ उन पूर्व एनसीसी कैडेटों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में उत्कृष्ट कार्य करते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति उल्लेखनीय योगदान दिया हो। इस वर्ष देशभर से 873 पूर्व एनसीसी कैडेटों ने इस सम्मान के लिए नामांकन किया था। स्वतंत्र ज्यूरी द्वारा गहन चयन प्रक्रिया के बाद केवल 22 पूर्व एनसीसी कैडेटों का चयन किया गया, जिनमें सुनील दत्त सिलवाल भी शामिल रहे।
सम्मान प्राप्त करने के बाद श्री सिलवाल ने महानिदेशक एनसीसी लेफ्टिनेंट जनरल वीरेन्द्र वत्स, सम्मानित ज्यूरी तथा NCC Alumni Association के अध्यक्ष एवं समस्त पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व का विषय है और उन्हें देश एवं समाज की सेवा के लिए और अधिक समर्पण एवं उत्साह के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।
उत्तराखंड के लिए भी यह उपलब्धि गौरव का विषय है। श्री सिलवाल की इस सफलता से प्रदेश के युवाओं एवं एनसीसी कैडेटों को राष्ट्र सेवा, अनुशासन और नेतृत्व के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।



