पौड़ी गढ़वाल: विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पौड़ी गढ़वाल के एक और होनहार सपूत को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। कोट विकासखंड के ग्राम कांडा (जनक नंदिनी सीता मैया की पावन धरती) में जन्मे डॉ. विनोद बछेती को भाजपा दिल्ली प्रदेश का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

डॉ. बछेती की प्रारंभिक शिक्षा ग्राम कांडा के प्राथमिक विद्यालय से हुई, जो वर्तमान में बंद हो चुका है। इसके बाद उन्होंने दिल्ली में उच्च शिक्षा प्राप्त की। अपनी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सरोकारों के बल पर उन्होंने शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय पहचान बनाई। वर्तमान में उनके पैरामेडिकल संस्थान दिल्ली-एनसीआर सहित देश के विभिन्न राज्यों में संचालित हो रहे हैं।

डॉ. बछेती ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत भाजपा युवा मोर्चा के मंडल स्तर से की थी। संगठन में लगभग तीन दशकों तक निरंतर सक्रिय रहते हुए उन्होंने विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उनकी निष्ठा, समर्पण और संगठनात्मक कार्यशैली को देखते हुए भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में उन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।

उनकी इस नियुक्ति से कोट विकासखंड सहित पूरे पौड़ी जनपद में खुशी का माहौल है। दिल्ली-एनसीआर में बसे उत्तराखंड मूल के लोगों ने भी इसे गौरव का विषय बताया है। शुभचिंतकों का कहना है कि डॉ. बछेती अपने अनुभव, ऊर्जा और समर्पण के बल पर पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। साथ ही वे राष्ट्रीय स्तर पर देवभूमि उत्तराखंड का गौरव बढ़ाने का कार्य करेंगे।

डॉ. बछेती की नियुक्ति पर भाजपा के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि उत्तराखंड के एक समर्पित कार्यकर्ता को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर पार्टी ने प्रदेशवासियों का सम्मान बढ़ाया है।

इस अवसर पर भाजपा कोट मंडल अध्यक्ष रमेश रावत, पूर्व प्रमुख पूर्णिमा नेगी, ब्लॉक प्रमुख कोट गणेश कोली, ज्येष्ठ प्रमुख उपेंद्र भट्ट, पूर्व जिलाध्यक्ष सुषमा रावत, भाजपा जिला महामंत्री (महिला मोर्चा) नीलम जुयाल, पौड़ी विधायक के पीआरओ सुभाष रावत, कनिष्ठ प्रमुख अनिल गुसाईं तथा पूर्व प्रधान कांडा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और क्षेत्रवासियों ने डॉ. विनोद बछेती को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

जगमोहन डांगी