hear residents' grievances.

ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहर के आवासीय सेक्टरों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक नई पहल शुरू की है। अब प्राधिकरण की संयुक्त टीम प्रत्येक सेक्टर का दौरा कर सीधे निवासियों से संवाद करेगी और उनकी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करेगी। इस अभियान की शुरुआत मंगलवार को सेक्टर अल्फा-1 से की गई।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एनजी रवि कुमार के निर्देश पर यह विशेष अभियान शुरू किया गया है। सीईओ ने अधिकारियों को सभी आवासीय सेक्टरों का नियमित भ्रमण कर स्थानीय समस्याओं का मौके पर निरीक्षण करने और उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए हैं।

सीईओ के निर्देश पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) श्रीलक्ष्मी वीएस ने ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट के लिए परियोजना, स्वास्थ्य, उद्यान, विद्युत अभियांत्रिकी तथा जल-सीवर विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित की है। तय कार्यक्रम के अनुसार यह टीम विभिन्न सेक्टरों का भ्रमण करेगी।

मंगलवार को परियोजना विभाग के उप महाप्रबंधक विजय कुमार रावल के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने सेक्टर अल्फा-1 का निरीक्षण किया। इस दौरान सेक्टर की विभिन्न समस्याओं का मौके पर जायजा लिया गया तथा स्थानीय आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और निवासियों से सुझाव एवं शिकायतें प्राप्त की गईं।

निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि कई स्थानों पर सड़कों के किनारे निर्माण सामग्री और मलबा पड़ा हुआ है तथा पीजी (पेइंग गेस्ट) के आसपास कूड़ा बिखरा रहता है। अधिकारियों ने संबंधित पीजी संचालकों को नोटिस जारी करने, मलबा तत्काल हटवाने और उसका खर्च संबंधित भवन स्वामी से वसूलने के निर्देश दिए। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि वे कूड़े को इधर-उधर न फेंकें। कूड़ा उठाने वाली गाड़ी में ही कूड़ा डालें। अगर कोई व्यक्ति नहीं मान रहा तो इसकी सूचना प्राधिकरण को दें। उस व्यक्ति पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा।

इस दौरान सेक्टर अल्फा-1 आरडब्ल्यूए की ओर से जर्जर स्ट्रीट लाइट पोल बदलने, पार्कों के बेहतर रखरखाव, रोड मार्किंग, स्पीड ब्रेकर निर्माण तथा मार्केट क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय निर्माण जैसी प्रमुख मांगें उठाई गईं। अधिकारियों ने इन सभी मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।

प्राधिकरण की इस पहल का स्थानीय निवासियों ने स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि अब सेक्टरों की लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान पहले की तुलना में अधिक तेजी से हो सकेगा। आगामी दिनों में यह संयुक्त टीम ग्रेटर नोएडा के अन्य आवासीय सेक्टरों का भी दौरा करेगी और मौके पर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेगी।

मंगलवार की विजिट में वरिष्ठ प्रबंधक राजेश गौतम, वरिष्ठ प्रबंधक राजीव कुमार, वरिष्ठ प्रबंधक विनोद शर्मा, सहायक निदेशक उद्यान ज्ञानेंद्र यादव, प्रबंधक संध्या सिंह, प्रबंधक विवेक किशोर, प्रबंधक स्वतंत्र वर्मा, प्रबंधक विपिन बिहारी राय, सहायक प्रबंधक गौरव बघेल, सहायक प्रबंधक कुलदीप शर्मा, सहायक प्रबंधक अर्जुन कुमार आदि शामिल रहे।

सेक्टर अल्फा वन आरडब्ल्यूए की तरफ से अध्यक्ष शेर सिंह भाटी व उनकी टीम मौजूद रहे।