teacher-srishti-kandari-dowry-death-case

देहरादून: श्रीनगर गढ़वाल की रहने वाली 30 वर्षीय सरकारी स्कूल की शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। शादी के महज आठ महीने बाद बीती 29 जुलाई को देहरादून के हर्रावाला में उनके ससुराल में हुई मौत के बाद सामने आए एक भावुक वीडियो और मायके पक्ष के गंभीर आरोपों ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है।

पुलिस ने मृतका की मां की शिकायत पर दहेज हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए त्वरित कार्रवाई की है। मामले में पति सौरभ खत्री और ननद चारू को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

मौत से पहले मां को भेजा भावुक वीडियो

जानकारी के अनुसार, श्रीनगर गढ़वाल के श्रीकोट निवासी सृष्टि कंडारी की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी। सौरभ उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत हैं, जबकि सृष्टि सरकारी विद्यालय में प्रवक्ता (शिक्षिका) थीं।

मौत से पहले सृष्टि ने अपनी मां को 90 सेकंड का एक वीडियो संदेश भेजा था, जिसमें उन्होंने बताया कि ससुराल वाले उसे मनहूस कहकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं। वीडियो में सृष्टि बताती है कि वह 6 माह से सहन कर रही है, लेकिन अब नहीं कर सकती। वह रोते हुए कहती है सॉरी मम्मी मैं ऐसे जा रही हूं, लेकिन अब और सहन नहीं होता मैं इनकी मानसिकता को नही बदल सकी। इसके बाद सृष्टि कंडारी की शादी के आठ महीने बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। ससुराल वालों का कहना है कि युवती ने सुसाइड किया है, लेकिन परिजनों का आरोप है कि युवती की हत्या की गई है। वीडियो सामने आने के बाद देशभर में इस घटना को लेकर लोगों में गुस्सा भी देखा जा रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने सीबीसीआईडी जांच कराने का फैसला लिया है।

दहेज और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप

मृतका की मां सीमा कंडारी ने डोईवाला कोतवाली में दर्ज कराई तहरीर में आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि सृष्टि को “मनहूस” और “अपशकुनी” कहकर अपमानित किया जाता था तथा परिवार में होने वाली हर अनहोनी के लिए उसे जिम्मेदार ठहराया जाता था।

परिजनों का कहना है कि शादी के लगभग तीन महीने बाद सृष्टि के ससुर का हार्ट अटैक से निधन हो गया था, जिसके बाद भी सृष्टि को लगातार दोषी ठहराया जाता रहा। मृतका की मां ने आरोप लगाया है कि 29 जुलाई को उनकी बेटी की हत्या कर दी गई।

अक्सर मां से करती थी अपनी परेशानियों का जिक्र

शिक्षिका सृष्टि कंडारी खत्री की मौत के बाद परिवार गहरे सदमे में है। मां सीमा कंडारी की स्थिति ऐसी थी कि वह मीडिया से बात नहीं कर सकीं। ऐसे में भतीजे हिमांशु ने परिवार की ओर से अपनी पीड़ा साझा करते हुए कहा कि सृष्टि अक्सर मां से अपनी परेशानियों का जिक्र करती थी, लेकिन पारिवारिक संस्कारों और रिश्ते को बचाए रखने की कोशिश में उसने कभी खुलकर कुछ नहीं कहा। वह शादी के बाद से ही मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना सह रही थी, फिर भी रिश्ते को बचाने की उम्मीद में उसने कभी समाज के सामने अपना दर्द नहीं रखा। लगातार मानसिक तनाव और प्रताड़ना ने उसे भीतर से तोड़ दिया था। उन्होंने कहा कि शादी के महज आठ महीने बाद सृष्टि की मौत ने पूरे परिवार को गहरे दुख में डाल दिया है। कोतवाली पहुंचे परिजन और रिश्तेदार भी घटना को लेकर आक्रोशित दिखाई दिए और मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते रहे।

पति और ननद गिरफ्तार, विशेष टीम कर रही जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी डोईवाला के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसांई ने बताया कि मृतका की मां की शिकायत पर पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी, ननद चारू और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति सौरभ खत्री और ननद चारू को हर्रावाला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

प्रदेशभर में उठ रहे सवाल

शिक्षिका सृष्टि कंडारी की मौत ने एक बार फिर दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और नवविवाहित महिलाओं की सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। पुलिस मामले की सभी परिस्थितियों, उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य प्रमाणों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों और आरोपों की अंतिम पुष्टि हो सकेगी।