पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर दी नई जिम्मेदारी की शुभकामनाएं, उत्तराखंड एवं मीडिया से जुड़े मुद्दों पर हुई सार्थक चर्चा

नई दिल्ली। उत्तराखंड मीडिया संगठन के पदाधिकारियों ने संगठन के अध्यक्ष जगमोहन रावत ‘जिज्ञासु’ के नेतृत्व में रविवार को दिल्ली भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. विनोद बछेती से उनके न्यू अशोक नगर स्थित कार्यालय में शिष्टाचार भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर संगठन की ओर से डॉ. बछेती का पुष्पगुच्छ एवं पारंपरिक शॉल भेंट कर सम्मान भी किया गया।

भेंट के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण में उत्तराखंड से जुड़े विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं मीडिया से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। संगठन के प्रतिनिधियों ने उत्तराखंड मूल के लोगों से जुड़े मुद्दों, पत्रकारिता के बदलते स्वरूप तथा समाज में मीडिया की सकारात्मक भूमिका पर अपने विचार साझा किए। साथ ही उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक सरोकारों और जनहित के विषयों को प्रभावी ढंग से समाज के सामने लाने में मीडिया की भूमिका पर भी चर्चा की गई।

उत्तराखंड मीडिया संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि डॉ. विनोद बछेती लंबे समय से सामाजिक कार्यों एवं जनसेवा से जुड़े रहे हैं और उन्हें दिल्ली भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जैसा महत्वपूर्ण दायित्व मिलना उत्तराखंड मूल के लोगों के लिए भी गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. बछेती अपने नए दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ करते हुए समाज के सभी वर्गों, विशेष रूप से उत्तराखंड से जुड़े लोगों के हितों की आवाज को मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।

इस अवसर पर डॉ. विनोद बछेती ने उत्तराखंड मीडिया संगठन के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज और मीडिया दोनों लोकतंत्र के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और भविष्य में भी समाजहित के कार्यों में सभी का सहयोग अपेक्षित रहेगा।

डॉ. विनोद बछेती ने इस अवसर पर बताया कि उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोकगायक एवं गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी के जन्मदिवस (12 अगस्त) की पूर्व संध्या पर 11 अगस्त की शाम उनके न्यू अशोक नगर स्थित सभागार में एक भव्य सांस्कृतिक एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने उत्तराखंड मीडिया संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को इस कार्यक्रम में सादर आमंत्रित करते हुए अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, संगीत और विरासत को समर्पित होगा तथा इसमें बड़ी संख्या में उत्तराखंड समाज के प्रबुद्धजन, कलाकार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।

बैठक के अंत में संगठन के पदाधिकारियों ने डॉ. बछेती के सफल कार्यकाल की कामना करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में सामाजिक समरसता, जनसेवा और उत्तराखंड समाज के हितों से जुड़े कार्यों को नई दिशा मिलेगी। शिष्टाचार भेंट सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा दोनों पक्षों ने भविष्य में समाजहित के विभिन्न विषयों पर मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

प्रतिनिधि मंडल में उत्तराखंड मीडिया संगठन के अध्यक्ष जगमोहन रावत ‘जिज्ञासु’, महासचिव राजेश डंडरियाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरीश रावत, कोषाध्यक्ष डीएस नेगी, प्रचार सचिव द्वारिका प्रसाद चमोली, राजू बोहरा, अमित सहित संगठन के अन्य सदस्य मौजूद रहे।