Home उत्तराखण्ड जिलास्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता में भुवनेश्वरी संस्कृत विद्यालय का शानदार प्रदर्शन

जिलास्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता में भुवनेश्वरी संस्कृत विद्यालय का शानदार प्रदर्शन

Bhuvneshwari Sanskrit Vidyalaya

पौड़ी: उत्तराखण्ड संस्कृत संस्थानम् द्वारा आयोजित जिलास्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता का भव्य आयोजन सिद्धबली गुरुकुल, कोटद्वार में सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता का शुभारम्भ लैंसडौन विधायक महन्त दिलीप सिंह रावत ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जनपद पौड़ी के विभिन्न विकासखण्डों से खण्ड स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में ब्रिगेडियर विद्याधर जुयाल संस्कृत विद्यालय, भुवनेश्वरी के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई प्रतियोगिताओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।

कनिष्ठ वर्ग में उपलब्धियां

  • नाटक – प्रथम स्थान
  • आशुभाषण – तेजस बडोनी (प्रथम)
  • श्लोकोच्चारण – कृष्णा पन्त (प्रथम)
  • वाद-विवाद – अर्णव एवं शिवम बलूनी (द्वितीय)

वरिष्ठ वर्ग में उपलब्धियां

  • नाटक – प्रथम स्थान
  • आशुभाषण – अभय (प्रथम)
  • वाद-विवाद – आलोक एवं आयुष बलूनी (प्रथम)
  • श्लोकोच्चारण – अनुराग (द्वितीय)
  • समूह नृत्य – द्वितीय स्थान

विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने डॉ. नवीन ममगाईं, डॉ. अनूप कुकरेती एवं डॉ. ईशान डोभाल के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। उनकी कुशल तैयारी और विद्यार्थियों के निरंतर अभ्यास का परिणाम रहा कि विद्यालय ने विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट सफलता अर्जित की।

इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण है। विद्यालय के शिक्षकों ने इसे विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और गुरुजनों के सतत मार्गदर्शन का प्रतिफल बताया। उन्होंने कहा कि नवीन जुयाल के कुशल नेतृत्व में विद्यालय में विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ विभिन्न सांस्कृतिक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताओं के लिए भी नियमित रूप से तैयार किया जाता है।

विद्यालय के प्रबन्धक राजेन्द्र जुयाल तथा प्रधानाचार्या अनुसूया प्रसाद सुन्दरियाल ने सभी विजेता छात्र-छात्राओं एवं मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जिलास्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर चयनित छात्र-छात्राएं अब 23 एवं 24 अक्टूबर को आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता में पौड़ी जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे। विद्यालय परिवार को विश्वास है कि छात्र राज्य स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद एवं विद्यालय का गौरव बढ़ाएंगे।