Home उत्तराखण्ड पौड़ी गढ़वाल: घास काटने गई महिला को गुलदार ने बनाया निवाला, ग्रामीणों...

पौड़ी गढ़वाल: घास काटने गई महिला को गुलदार ने बनाया निवाला, ग्रामीणों में दहशत

Leopard-kills-Woman in pauri garhwal

श्रीनगर: पौड़ी जनपद में एक बार फिर गुलदार का आतंक देखने को मिला है। श्रीनगर–पौड़ी मार्ग पर खंडाह के समीप ग्रामसभा बछेली के अंतर्गत आमदार में शुक्रवार शाम गुलदार ने एक महिला को अपना निवाला बना दिया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीना देवी (51 वर्ष) पत्नी स्वर्गीय बालमुकुंद रावत, निवासी बछेली गांव, शुक्रवार शाम लगभग पांच बजे घर से कुछ दूर जंगल में घास काटने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की, जिसके बाद उनका शव क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। आबादी के समीप इस तरह की घटना से लोगों में भय व्याप्त है और महिलाएं तथा ग्रामीण दैनिक कार्यों के लिए खेतों की ओर जाने से भी डर रहे हैं।

ग्रामीणों ने वन विभाग के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की गतिविधियां देखी जा रही थीं, लेकिन प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने, प्रभावित क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए तत्काल आवश्यक उपाय करने की मांग की है।

पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा भी हो सकती हैं।

वन विभाग की टीम ने घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही ग्रामीणों से सतर्क रहने और अकेले जंगल की ओर न जाने की अपील की गई है।