ग्रेटर नोएडा। “प्रतिभा एक उपहार है और जुनून एक विकल्प, लेकिन महानता मंच पर कदम रखने से आती है”— इसी विचार को साकार करते हुए सेंट जोसेफ स्कूल, सेक्टर अल्फा-1, ग्रेटर नोएडा में शनिवार को अंतर-विद्यालयी प्रतिभा प्रतियोगिता ‘एसजेएस टैलेंटिया-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी प्रतिभा और कौशल प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना था।
कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जिप्सन पलाटी के मार्गदर्शन में किया गया। प्रतियोगिता के सफल संचालन की जिम्मेदारी कंप्यूटर विशेषज्ञ सौरभ कुमार शर्मा तथा पारस्परिक एवं व्यावहारिक कौशल विशेषज्ञ श्रीमती शशि शर्मा ने संभाली। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने सक्रिय योगदान दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गौतमबुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने प्रबंधक फादर एंड्रयू कोरिया, फादर सबस्टिन तथा अन्य गणमान्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी मेधा रूपम ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि “लहरों से डरकर नौका पार नहीं होती, कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती।” उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने, उन्हें साकार करने के लिए निरंतर परिश्रम करने तथा जीवन के प्रत्येक निर्णय में समाज के सबसे कमजोर व्यक्ति के हितों का ध्यान रखने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को इस उत्कृष्ट आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।
15 विद्यालयों के 250 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
प्रतियोगिता में ग्रेटर नोएडा, नोएडा, गाजियाबाद, हाथरस, अलीगढ़, आगरा एवं अन्य क्षेत्रों के 15 प्रतिष्ठित विद्यालयों के 250 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के अंतर्गत समूह गायन, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, विज्ञान, कला, टीमवर्क, मोबाइल तकनीक एवं अदालती प्रस्तुति सहित कुल आठ विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन विद्यालय के उन पूर्व विद्यार्थियों द्वारा किया गया, जो वर्तमान में संबंधित क्षेत्रों के पेशेवर विशेषज्ञ हैं। विद्यालय प्रबंधन ने प्रतिभागियों एवं अतिथियों के लिए उत्कृष्ट आतिथ्य एवं भोजन की व्यवस्था भी की।
प्रतियोगिता के प्रमुख परिणाम
स्वरांजलि (समूह गान)
- प्रथम – अर्सलाइन कॉन्वेंट स्कूल, ग्रेटर नोएडा
- द्वितीय – बेथनी कॉन्वेंट स्कूल, ग्रेटर नोएडा
- तृतीय – सेंट एंथनी स्कूल, गाजियाबाद
कैरेक्टर हियरिंग (दृष्टिकोण प्रस्तुति/अदालती सुनवाई)
- बेस्ट प्रॉसिक्यूटर – सेंट फ्रांसिस स्कूल, हाथरस
- बेस्ट डिफेंडर – सेंट फिदेलीस स्कूल, अलीगढ़
- बेस्ट कैरेक्टर – सेंट फिदेलीस स्कूल, अलीगढ़
फ्रेम द फेम (फोटोग्राफी)
- प्रथम – दिल्ली पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा
- द्वितीय – सेंट फिदेलीस स्कूल, अलीगढ़
- तृतीय – बेथनी कॉन्वेंट स्कूल, ग्रेटर नोएडा
फ्रेम द फेम (वीडियोग्राफी)
- प्रथम – सेंट फिदेलीस स्कूल, अलीगढ़
- द्वितीय – दिल्ली पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा
- तृतीय – सेंट डोमिनिक स्कूल, मथुरा
स्ट्रोक्स रूलेट (कला प्रतियोगिता)
- प्रथम – सेंट फिदेलीस स्कूल, अलीगढ़
- द्वितीय – सेंट फिदेलीस स्कूल, अलीगढ़
- तृतीय – एस्टर स्कूल, ग्रेटर नोएडा
सिनर्जी स्पाइस (टीम समन्वय प्रतियोगिता)
- प्रथम – सेंट डोमिनिक स्कूल, मथुरा
- द्वितीय – असिसी कॉन्वेंट स्कूल, नोएडा
- तृतीय – सेंट एंथनी स्कूल, गाजियाबाद
क्वांटम क्वेस्ट (विज्ञान प्रतियोगिता)
- प्रथम – जीसस एंड मैरी कॉन्वेंट स्कूल, ग्रेटर नोएडा
- द्वितीय – समरविल स्कूल, ग्रेटर नोएडा
- तृतीय – होली पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा

















