पौड़ी। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री डांडा नागराजा मंदिर की मंदिर समिति के चुनाव रविवार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें विभिन्न पदों के लिए पदाधिकारियों का चयन कर मंदिर की व्यवस्थाओं के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई।
चुनाव प्रक्रिया ज्येष्ठ प्रमुख उपेंद्र भट्ट एवं गजेंद्र चमोली की निगरानी में संपन्न हुई। समिति के सभी पदाधिकारियों का चयन आपसी सहमति से किया गया। सर्वसम्मति से वीरेंद्र प्रसाद भट्ट को अध्यक्ष, दरबान सिंह रावत को सचिव एवं देवेंद्र चमोली को उपाध्यक्ष चुना गया।
इसके अलावा वीरेंद्र सिंह रावत को कोषाध्यक्ष, सुमनपाल सिंह रावत को सहसचिव, कमलेश चमोली को लेखाकार तथा सिद्धांत उनियाल को समिति का मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया।
इस अवसर पर ज्येष्ठ प्रमुख उपेंद्र भट्ट ने कहा कि मंदिर समिति के पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से किया गया है, जो क्षेत्र की एकजुटता और धार्मिक आस्था का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय और सामूहिक सहभागिता के साथ मंदिर की व्यवस्थाओं का बेहतर संचालन करेंगे तथा श्रद्धालुओं को अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि श्री डांडा नागराजा मंदिर क्षेत्र की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर समिति की भूमिका मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं, धार्मिक आयोजनों के सफल संचालन तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण होती है। नवनियुक्त पदाधिकारियों से भी अपेक्षा की जा रही है कि वे पारदर्शिता, समर्पण और सहयोग की भावना के साथ समिति की जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे तथा मंदिर की गरिमा एवं परंपराओं को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
जगमोहन डांगी
















