Home उत्तराखण्ड शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. सुबोध कुमार कण्डारी...

शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. सुबोध कुमार कण्डारी को मिला डॉ. भीमराव आंबेडकर राष्ट्रीय पुरस्कार-2026

देवप्रयाग: ओंकारानंद सरस्वती राजकीय महाविद्यालय, देवप्रयाग (टिहरी गढ़वाल) के वनस्पति विज्ञान विभाग में सहायक प्राध्यापक एवं राजकीय महाविद्यालय तेगड़ (लोस्तु बडियार) के प्रभारी प्राचार्य डॉ. सुबोध कुमार कण्डारी को डॉ. भीमराव आंबेडकर राष्ट्रीय पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, शैक्षणिक समर्पण, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा व्यावसायिक उत्कृष्टता के लिए प्रदान किया गया।

स्टार्टअप शिक्षा फाउंडेशन, नई दिल्ली द्वारा जारी सम्मान-पत्र के अनुसार, डॉ. कण्डारी का चयन शिक्षा एवं समाज के प्रति उनके उल्लेखनीय कार्यों, सकारात्मक सामाजिक प्रभाव तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को ध्यान में रखते हुए किया गया। यह पुरस्कार डॉ. भीमराव आंबेडकर के समानता, सामाजिक न्याय, सशक्तीकरण और राष्ट्र निर्माण के आदर्शों से प्रेरित है तथा इन्हीं मूल्यों को आगे बढ़ाने वाले व्यक्तित्वों को प्रदान किया जाता है।

डॉ. सुबोध कुमार कण्डारी की इस उपलब्धि से ओंकारानंद सरस्वती राजकीय महाविद्यालय, राजकीय महाविद्यालय तेगड़ सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है। शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा शुभचिंतकों ने इसे शिक्षा जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने विश्वास व्यक्त किया है कि डॉ. कण्डारी भविष्य में भी अपनी शैक्षणिक प्रतिबद्धता, शोध कार्यों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे। यह सम्मान उनके उत्कृष्ट कार्यों और शिक्षा के प्रति समर्पण का महत्वपूर्ण राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान माना जा रहा है।