Home उत्तर प्रदेश ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ ने की ईआरपी की ऑनलाइन समीक्षा, ईआरपी...

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ ने की ईआरपी की ऑनलाइन समीक्षा, ईआरपी प्रोजेक्ट की गति बढ़ाने को बनाई टीम

greater-noida-authoriyi

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में ईआरपी प्रोजेक्ट को शीघ्र पूरा कराने के लिए सीईओ सुरेन्द्र सिंह ने एक अहम निर्णय लिया है। सीईओ ने ईआरपी प्रोजेक्ट का जिम्मा संभाल रही टेक महिंद्रा कंपनी के साथ प्राधिकरण के हर विभाग की एक अधिकारी को लगा दिया है। वे इससे संबंधित डाटा तत्काल कंपनी को उपलब्ध कराएंगे। इसकी साप्ताहिक समीक्षा होगी और जिस भी विभाग का डाटा मिलने में देरी हुई उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ व मेरठ मंडलायुक्त सुरेन्द्र सिंह ने सोमवार को ईआरपी प्रोजेक्ट की ऑनलाइन समीक्षा की, जिसमें एसीईओ दीप चंद्र व अमनदीप डुली, ओएसडी सचिन कुमार सिंह व संतोष कुमार, जीएम एके अरोड़ा व आरके देव, प्रभारी डीजीएम सलिल यादव, उद्योग के प्रभारी मयंक श्रीवास्तव समेत तमाम वरिष्ठ अधिकारी व टेक महिंद्रा कंपनी के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सीईओ ने ईआरपी प्रोजेक्ट के पूरा होने में देरी पर सख्त नाराजगी जताई। इस प्रोजेक्ट को जल्द पूरा न करने पर कंपनी के साथ ही संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। सीईओ ने उद्योग विभाग के साथ ही सभी विभागों के लिए ईआरपी जल्द लागू करने के निर्देश दिए। बता दें कि ईआरपी के जरिए ई-फाइल को लागू कर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पेपरलेस तो बन ही चुका है। इससे एक कदम और आगे बढ़ते हुए आने वाले दिनों में आवंटियों से जुड़ीं सभी सेवाएं खुद आवंटियों के हाथों में देने की तैयारी है। मसलन सभी तरह की संपत्ति का आवंटी नो ड्यूज खुद से घर बैठे प्रिंट कर सकेगा। प्राधिकरण के उद्योग विभाग सेल से इसकी शुरुआत हो चुकी है। इसी तरह उद्योग विभाग की एक दर्जन सेवाएं ऑनलाइन की जा चुकी हैं। इसके अलावा ईआरपी के जरिए उद्यमी घर बैठे चेंज इन डायरेक्टर्स, पते में बदलाव, मोर्टगेज परमिशन, नाम जुड़वाना, मॉर्टगेज परमिशन कॉलेट्रल, टाइम एक्सटेंशन फॉर लीज एंड कंस्ट्रक्शन , भुगतान से संबंधित सूचना आदि सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं। हाल ही में ग्रेटर नोएडा के सामुदायिक केंद्रों की ऑनलाइन बुकिंग और विजिटर पास मैनेजमेंट सिस्टम भी शुरू हो चुका है। अब यहां के निवासी घर बैठे सामुदायिक केंद्रों की बुकिंग कर सकते हैं। वहीं, विजिटर पास मैनेजमेंट सिस्टम से भी आगंतुक घर बैठे अपना फोटो सहित विजिटर पास जनरेट कर सकते हैं। इस सिस्टम में बार कोड के जरिए आगंतुक की पहचान का प्रावधान भी है।

इस बार मंगलवार के बजाय बुधवार को होगा जन विश्वास दिवस

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में जन विश्वास दिवस इस बार मंगलवार के बजाय बुधवार को आयोजित होगा। शिवरात्रि के चलते शिवरात्रि के चलते यह निर्णय लिया गया है। हालांकि अगले सप्ताह से हर मंगलवार को ही जन विश्वास दिवस का आयोजन होगा। गौरतलब है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ व मेरठ मंडलायुक्त सुरेन्द्र सिंह के निर्देश पर प्राधिकरण में हर मंगलवार को जन विश्वास दिवस का आयोजन होता है। इसमें सीईओ खुद ग्रेटर नोएडावासियों की शिकायतें सुनते हैं और उनका त्वरित निस्तारण करते हैं। इसमें एसीईओ के अलावा सभी विभागों के विभागाध्यक्ष भी मौजूद रहते हैं।