Home उत्तराखण्ड Char Dham Yatra 2024: चारधाम यात्रा में 11 दिन में पहुंचे रिकॉर्ड...

Char Dham Yatra 2024: चारधाम यात्रा में 11 दिन में पहुंचे रिकॉर्ड श्रद्धालु, सबसे ज्यादा केदारनाथ धाम, ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन पर 31 मई तक रोक

char-dham-yatra-2024

Uttarakhand Chardham Yatra 2024 उत्तराखंड स्थित विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा इन दिनों अपने चरम पर है। चारों धामों में हर रोज श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड भीड़ पहुँच रही है। यात्रा शुरू हुए महज 11 दिन हुए हैं, और अब तक चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा 7 लाख 23 हजार से अधिक पहुंच गया है। माना जा रहा है कि इस बार यात्रियों की संख्या रिकॉर्ड तोड़ेगी।

हालात यह हैं कि शासन प्रशासन ने अब व्यवस्था बनाने के लिए चारधाम यात्रा के लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन पर 31 मई तक रोक लगा दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को समीक्षा बैठक में ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन स्थगित रखने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि चारों धामों में निर्धारित संख्या के हिसाब से ही श्रद्धालुओं को भेजा जाए।

सबसे ज्यादा श्रद्धालुओं की संख्या केदारनाथ धाम में

केदारनाथ धाम में बड़ी तादाद में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। 20 मई सोमवार को केदारनाथ धाम में 37,480 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। जिसमें से 24,515 पुरुष, 12,359 महिलाएं और 606 बच्चे शामिल हैं। 10 मई से अभी तक 3,19,193 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। वहीँ बदरीनाथ के कपाट 12 मई को सुबह 6 बजे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ हेतु खोले गए। भगवान बदरी-विशाल के दर्शन के लिए भी भक्तों की भारी भीड़ धाम पहुंच रही है। 20 मई सोमवार को 18,899 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। जिसमें पुरुष 10,474 महिला 7620 और बच्चे 805 हैं। अभी तक कुल 1,39,656 श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर चुके हैं।

इसके अलावा गंगोत्री धाम में 20 मई सोमवार को 13,269 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। जिसमें से 6977 पुरुष और 6093 महिलाएं और 199 बच्चे हैं। गंगोत्री में अभी तक 1,25,777 श्रद्धालुओं ने दर्शन कर लिए हैं। जबकि यमुनोत्री धाम में 20 मई सोमवार को 12,929 श्रद्धालुओं ने मां यमुना के दर्शन किए। जिसमें से 6558 पुरुष, 6079 महिलाएं और 292 बच्चे भी शामिल हैं। 10 मई से अभी तक मां यमुना के दर्शन 1,38,537 श्रद्धालु कर चुके हैं।

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 20 मई सोमवार को 82,577 श्रद्धालुओं ने चारों धामों के दर्शन किए। 10 मई से शुरू हुई चारधाम यात्रा में अभी तक 7,23,163 श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच चुके हैं।