Home उत्तराखण्ड Delhi-Rishikesh Namo Bharat Train: दिल्ली से ऋषिकेश तक का सफर 3 घंटे...

Delhi-Rishikesh Namo Bharat Train: दिल्ली से ऋषिकेश तक का सफर 3 घंटे में, मेरठ से ऋषिकेश तक नमो भारत ट्रेन का विस्तार देने पर बनी सहमति

Delhi-Rishikesh Namo Bharat Train: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से उत्तराखंड के ऋषिकेश लक्ष्मणझूला तक हाई स्पीड नमो भारत ट्रेन (RRTS) के संचालन का सपना सच होने जा रहा है। बता दें कि इसी वर्ष फरवरी माह में दिल्ली से मेरठ के मोदीपुरम तक हाईस्पीड नमो भारत ट्रेन का संचालन शुरू हो चुका है। अब इस हाईस्पीड ट्रेन को मोदीपुरम से ऋषिकेश में लक्ष्मणझूला तक विस्तार देने पर सहमति बन गई है। परियोजना की डीपीआर के लिए जल्द सर्वे होने जा रहा है।

वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर से ऋषिकेश तक के सफ़र में सड़क मार्ग से लगभग 5 से 6 घंटे लगते हैं. परन्तु इस ट्रेन के शुरू होने से दिल्ली और ऋषिकेश के बीच का सफर घटकर मात्र ढाई से तीन घंटे रह जाएगा। यह ट्रेन मेरठ के मोदीपुरम से आगे बढ़कर मुजफ्फरनगर, रुड़की और हरिद्वार होते हुए ऋषिकेश तक जाएगी।

यह प्रस्ताव उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के बीच हुई चर्चा के दौरान सामने आया। परियोजना को गति देने के लिए उत्तराखण्ड सरकार अपर सचिव रीना जोशी को नोडल अधिकारी नियुक्त कर चुकी है, इसी तरह एनसीआरटीसी ने अपना नोडल नियुक्त कर दिया है। उत्तर प्रदेश सरकार भी परियोजना पर सहमति दे चुकी है। इसके बाद अब कुल 150 किलोमीटर प्रस्तावित ट्रैक की डीपीआर तैयार करने के लिए सर्वे शुरु होने जा रहा है।

दिल्ली ऋषिकेश ट्रेन नमो भारत रूट

प्रस्तावित परियोजना के मुताबिक मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से नया ट्रैक शुरू होगा, जो मुजफ्फरनगर होते हुए, उत्तराखण्ड की सीमा में प्रवेश करेगा। इसके बाद ये ट्रैक रुड़की, हरिद्वार में हर की पैड़ी होते हुए, ऋषिकेश के अंतिम छोर लक्ष्मणझूला तक पहुंचेगा। इसका 72 किमी का हिस्सा उत्तर प्रदेश में और 78 किमी का हिस्सा उत्तराखण्ड में आएगा।

इससे उत्तराखण्ड आने वाले तीर्थयात्रियों सहित दिल्ली जाने वाले उत्तराखण्ड के लोगों का भी नया आधुनिक ट्रांसपोर्ट विकल्प मिल पाएगा। वर्तमान में दिल्ली से ऋषिकेश जाने में सड़क मार्ग से करीब पांच से छह घंटे का समय लगता है। नमो भारत ट्रेन (160 किमी/प्रति घंटे की रफ्तार) के शुरू होने के बाद यह सफर सिर्फ ढाई से तीन घंटे में पूरा हो जाएगा।

इसके अलावा, इस परियोजना का उद्देश्य दिल्ली और प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों के बीच संपर्क को बढ़ाना है, जिससे लोगों के लिए यात्रा तेज, सुगम और अधिक सुविधाजनक हो सके।