ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा : गौतमबुद्धनगर में कोरोना वायरस का संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते कुछ दिनों से हर रोज लगभग 100 से अधिक केस मिल रहे हैं। जनपद में मंगलवार को भी कोरोना संक्रमण के 104 नए केस सामने आए हैं। अब आमजन के साथ प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी कोरोना के चपेट में आ रहे हैं। पहले एसडीएम जेवर गुंजा सिंह, सीएमओ डॉ. दीपक ओहरी और अब जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. सुनील दोहरे भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। डॉ. दोहरे की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने पर साथी अधिकारियों व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। गौतमबुद्धनगर के प्रभारी सीएमओ डॉ.नेपाल सिंह ने बताया कि जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. सुनील दोहरे कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। तबीयत खराब होने पर उन्होंने कोरोना की जांच कराई थी, जिसकी रिपोर्ट मंगलवार को प्राप्त हुई। डॉ. दोहरे का उपचार जिम्स के आइसोलेशन वार्ड में चल रहा है। जिला सर्विलांस अधिकारी का काम अब डॉ. मनोज कुशवाहा देखेंगे। जिला सर्विलांस अधिकारी के ऑफिस को प्रोटोकॉल के तहत 24 घंटे के लिए बंद कर सेनिटाइज का काम शुरू कर दिया गया है।
पिछले 24 घंटों में जनपद में जहाँ कोरोना संक्रमण के 104 नए केस सामने आए हैं वहीँ 26 मरीजों को स्वस्थ होने पर विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज कर दिया गया है। इसके अलावा एक मरीज की मौत हो गई। जनपद में अब तक 2,935 लोग कोरोना वायरस की चपेट में चुके हैं, जिनमें से 1785 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। जबकि 1121 मरीजों का नोएडा-ग्रेटर नोएडा के विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। वहीँ अब तक 29 लोगों की मौत हो चुकी है।

















