गाजियाबाद। लोगों को गुणवत्तापूर्ण एवं विश्वसनीय डायग्नोस्टिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ऑन्कक्वेस्ट लैब ने गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर-2सी में अपनी नई शाखा का शुभारंभ किया है। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर लैब प्रबंधन ने विभिन्न स्वास्थ्य जांचों पर विशेष छूट देने की घोषणा भी की है, ताकि अधिक से अधिक लोग नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के प्रति जागरूक हो सकें।
नई शाखा का शुभारंभ शारदीय नवरात्र के दौरान वरिष्ठ चिकित्सकों, सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोगों तथा स्थानीय नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर डाबर इंडिया ग्रुप के लक्ष्मी शुक्ला (मार्केटिंग मैनेजर), सुजीत तिवारी (सीनियर डिप्टी जनरल मैनेजर), कमल शर्मा (रीजनल सेल्स मैनेजर), विक्की आर्य (बीडीएम), वरिष्ठ पत्रकार ब्योमेश चंद्र जुगरान, वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार प्रो. प्रदीप कुमार वेदवाल, फिल्म निर्माता मनोज चंदोला, समाजसेवी आर.पी. घिल्डियाल, विनोद कबटियाल, नवीन भट्ट, आर.एल. ढौंडियाल, रणधीर रावत सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
वसुंधरा सेक्टर-2सी, प्लॉट संख्या 211 स्थित शाखा की संचालिका एवं उत्तराखंड मूल की स्तुति भट्ट ने बताया कि ऑन्कक्वेस्ट लैब की विश्वसनीय जांच सेवाओं के कारण स्थानीय लोग लंबे समय से वसुंधरा में इसकी शाखा खोलने की मांग कर रहे थे। क्षेत्रवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस नई यूनिट की शुरुआत की गई है, जिससे अब लोगों को अपने क्षेत्र में ही आधुनिक एवं प्रमाणिक जांच सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने बताया कि शरद पूर्णिमा के अवसर पर स्वास्थ्य जांच को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष छूट प्रदान की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें तथा चिकित्सकीय सलाह के अनुसार समय-समय पर आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य कराएं।
इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अरुण सिन्हा ने कहा कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान और प्रभावी उपचार का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने लोगों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज न करने और समय पर जांच कराने की अपील की।
वहीं, दंत चिकित्सक डॉ. ऐश्वर्या वशिष्ठ ने मुख एवं दंत स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दांतों की नियमित सफाई, संतुलित आहार और समय-समय पर दंत परीक्षण से कई गंभीर समस्याओं से बचा जा सकता है। उन्होंने लोगों को दंत स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूक रहने की सलाह दी।
स्थानीय नागरिकों ने वसुंधरा में ऑन्कक्वेस्ट लैब की नई शाखा की शुरुआत का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। शरद पूर्णिमा पर स्वास्थ्य जांच पर विशेष छूट की घोषणा के माध्यम से लैब प्रबंधन ने न केवल बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया है, बल्कि लोगों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के प्रति जागरूक करने का भी सार्थक संदेश दिया है।
















