UPSC CSE 2021 Result : संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की ओर से आयोजित सिविल सेवा परीक्षा 2021 के फाइनल रिजल्ट आज जारी कर दिया गया है। इस परीक्षा का परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर देखा जा सकता है। UPSC CSE 2021 परीक्षा में पहले चार स्थान पर लड़कियों ने बाजी मारी है। उत्तर प्रदेश के बिजनौर की श्रुति शर्मा ने पहला स्थान प्राप्त किया है। इतिहास की छात्रा श्रुति ने दिल्ली में अपनी पढ़ाई पूरी की है। श्रुति शर्मा ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के सेंट स्टीफंस कॉलेज से स्नातक किया है। इसके अलावा जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) से उन्होंने पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की है। उन्होंने सिविल सर्विस की तैयारी के लिए जामिया मिल्लिया इस्लामिया रेसिडेंश्यिल कोचिंग एकेडमी (RCA) से कोचिंग ली थी।

वहीं दूसरे और तीसरे स्थान पर क्रमश: अंकिता अग्रवाल और गामिनी सिंगला रहीं। जबकि चौथे स्थान पर ऐश्वर्या वर्मा रहीं। इसके अलावा पांचवीं रैंक उत्कर्ष द्विवेदी को मिली। छठे स्थान पर यक्ष चौधरी रहे। सातवें स्थान पर सम्यक एस जैन, आठवीं रैंक इशिता राठी, 9वीं रैंक प्रीतम कुमार और 10वीं रैंक हरकीरत सिंह रंधावा ने हासिल की।

इस परीक्षा में 685 उम्मीदवारों को नियुक्ति के लिए यूपीएससी ने सफल घोषित किया है। इनमें जनरल में 244, ईडब्लूएस में 73, ओबीसी में 203, एससी 105 और एसटी वर्ग में 60 उम्मीदवार शामिल हैं।  यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2021 भर्ती के माध्यम से सिविल सेवकों के 712 पदों को भरा जाएगा।

UPSC Result: ये हैं सिविल सेवा परीक्षा 2021 के टॉपर

  1. पहला स्थान – श्रुति शर्मा
  2. दूसरा स्थान- अंकिता अग्रवाल
  3. तीसरा स्थान – गामिनी सिंगला
  4. चौथा स्थान – ऐश्वर्या वर्मा
  5. पांचवा स्थान – उत्कर्ष द्विवेदी
  6. छठा स्थान – यक्ष चौधरी
  7. सातवां स्थान – सम्यक एस जैन
  8. आठवां स्थान – इशिता राठी
  9. नौवां स्थान – प्रीतम कुमार
  10. दसवां स्थान – हरकीरत सिंह रंधावा