देहरादून: उत्तराखंड राजकीय शिक्षक संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी के चुनाव में अध्यक्ष पद पर रवींद्र सिंह राणा और महामंत्री पद पर डॉ. अंकित जोशी ने जीत दर्ज की है। शनिवार देर रात मतगणना पूरी होने के बाद चुनाव अधिकारियों ने विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की। इस बार संशोधित संविधान के तहत पहली बार प्रदेशभर के सभी सदस्य शिक्षकों को सीधे मतदान का अधिकार दिया गया, जिससे चुनाव में रिकॉर्ड उत्साह देखने को मिला।

चुनाव में संघ के 21,660 सदस्य शिक्षकों में से 16,493 शिक्षकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार कुल 76.1 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। प्रांतीय कार्यकारिणी में पांच पदों के लिए कुल 32 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। प्रदेश के सभी जनपदों में शनिवार को मतदान संपन्न होने के बाद अपराह्न तीन बजे से मतगणना शुरू हुई, जो देर रात तक चली।

अध्यक्ष पद पर राणा की बड़ी जीत

अध्यक्ष पद पर रवींद्र सिंह राणा ने 10,200 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी डॉ. सोहन सिंह माजिला (4,354 मत) और डॉ. कवींद्र मोहन उनियाल (1,377 मत) को पराजित किया।

महामंत्री पद पर कांटे की टक्कर

महामंत्री पद पर मुकाबला बेहद रोचक रहा। डॉ. अंकित जोशी ने 3,793 मत हासिल कर कुलदीप कंडारी (3,160) को पराजित किया। डॉ. अंकित जोशी की जीत को संगठन में लोकतांत्रिक सुधारों की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अन्य पदों पर विजयी प्रत्याशी

प्रांतीय कार्यकारिणी के अन्य पदों पर भी परिणाम घोषित किए गए

  • प्रांतीय उपाध्यक्ष: डॉ. भुवन चन्द्र जोशी – 4,354 मत
  • प्रांतीय संयुक्त मंत्री: विनोद कुमार जीना – 3,407 मत
  • प्रांतीय कोषाध्यक्ष: डॉ. बद्री प्रसाद सेमवाल – 4,184 मत

पहली बार सभी शिक्षकों ने किया प्रत्यक्ष मतदान

इस चुनाव की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि डेलीगेट प्रणाली समाप्त कर पहली बार सभी सदस्य शिक्षकों को सीधे मतदान का अधिकार दिया गया। इससे पहले प्रत्येक दस शिक्षकों पर एक डेलीगेट ही मतदान करता था।

डेलीगेट प्रणाली समाप्त कराने के लिए महामंत्री निर्वाचित डॉ. अंकित जोशी द्वारा नैनीताल हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी। न्यायालय के निर्देशों के बाद माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने संगठन के संविधान में संशोधन किया, जिसके परिणामस्वरूप इस बार सभी सदस्य शिक्षकों ने प्रत्यक्ष मतदान किया।

इन पदों पर 32 उम्मीदवारों के बीच हुआ कड़ा मुकाबला

अध्यक्ष: रवींद्र सिंह राणा, डा. सोहन सिंह माजिला, डा. कवींद्र मोहन उनियाल

उपाध्यक्ष : नरेंद्र प्रसाद बंगवाल, राकेश मोहन कंडारी, कुमारी बदना चौधरी, सपना तोमर डा. भुवन चंद्र जोशी, विमल सिंह चौहान, जितेंद्र प्रसाद भारद्वाज

महामंत्री: डा. अंकित जोशी, कुलदीप कंडारी, डा. हेमंत पैन्यूली, जगदीश सिंह बिष्ट, डा. प्रमोद कुमार, अनिल कुमार बड़ोनी एवं गिरीश चंद्र पनेरू।

संयुक्त मंत्री : राजेंद्र सिंह चौधरी, योगेश चंद्र जोशी, कौशल कुमार, मदन मोहन सेमवाल, पंकज कुमार ध्यानी, विनोद कुमार जीना, मनवीर भारती।

कोषाध्यक्ष : डा. बद्री प्रसाद सेमवाल, अजय प्रकाश चौधरी, सत्येंद्र सिंह, कांति शरण सिंह कठैत, अमरनाथ, दुर्गादत्त गुणवंत, राजनारायण मिश्र, अर्जुन सिंह राणा शामिल हैं।

सभी जिलों में दिखा उत्साह

शनिवार सुबह आठ बजे से प्रदेश के सभी जनपदों में मतदान शुरू हुआ। मतदान केंद्रों पर शिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिला। सबसे अधिक मतदाता टिहरी जिले में रहे, जबकि सबसे कम मतदाता बागेश्वर जिले में दर्ज किए गए।

जिलेवार मतदान

जनपदमतदान
चमोली1,130
रुद्रप्रयाग860
पौड़ी1,932
उत्तरकाशी961
टिहरी2,523
देहरादून1,757
हरिद्वार744
ऊधमसिंह नगर1,050
नैनीताल1,777
अल्मोड़ा1,388
चंपावत720
पिथौरागढ़1,082
बागेश्वर569
कुल मतदान16,493

नोट: जिलेवार मतदान के आंकड़े उपलब्ध निर्वाचन अभिलेख के अनुसार हैं।