तालाब में मिले अज्ञात महिला के शव की शिनाख्त

Greater Noida News : बिसरख कोतवाली पुलिस ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट के हैबतपुर गाँव में 6 दिन पूर्व तालाब में मिले अज्ञात महिला के शव की शिनाख्त कर घटना का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार महिला की हत्या उसके प्रेमी ने शादी का दबाव बनाने पर की थी। महिला शादी करने का दबाव बना रही थी। पुलिस ने आरोपी प्रेमी को हत्या में प्रयुक्त चाकू व अन्य सामान के साथ गिरफ्तार किया है।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा राम बदन सिंह ने बताया कि बिसरख कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हैबतपुर के तालाब में बीते 18 मई को एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। काफी प्रयास के बाद अज्ञात शव की शिनाख्त साइबा (35) के रूप में हुई। इस मामले में मृतका के भाई शकील ने अपनी बहन के प्रेमी जितेंद्र भाटी पर हत्या का आरोप लगाते हुए नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी को कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार राजपूत व उनकी टीम ने रविवार को गौर सिटी चौक से गिरफ्तार कर लिया।

डीसीपी ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि अभियुक्त जितेंद्र व मृतका साइबा इंस्टाग्राम के माध्यम से नवंबर 2022 में संपर्क में आए थे तथा शादी करना चाहते थे। दोनों परिवार से अलग लिव इन रिलेशनशिप में हैबतपुर गांव में रह रहे थे। मृतका की उम्र 35 वर्ष थी। जबकि अभियुक्त जितेन्द्र की उम्र 22 वर्ष है। दोनों की उम्र में 10-12 वर्ष का अन्तर था।

पुलिस के मुताबिक साइबा शादी को लेकर जितेंद्र से आए दिन लड़ाई झगड़ा करती थी। बीते 15 मई की रात दोनों ने मिलकर शराब पी। इस दौरान शादी को लेकर झगड़ा हो गया। आरोप है कि प्रेमी ने चाकू से महिला के हाथों की नसों को काट दिया, जिससे महिला की मौत हो गई। शव को  छुपाने के उद्देश्य से तालाब में फेंक दिया था। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर आलाकत्ल चाकू, शराब की खाली बोतल, आधार कार्ड, अभियुक्त का मोबाइल फोन आदि सामान बरामद किया है।