अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस : घर में रहकर ऑनलाइन मनाएं योग दिवस, कोरोना के चलते सामूहिक कार्यक्रमों पर रहेगी रोक

0
454
celebrate-yoga-at-home
symbolic image from internet

International Yoga Day 2021: कोविड-19 संक्रमण के चलते आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस ऑनलाइन मनाया जाएगा। इसके लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की उत्तर प्रदेश की निदेशक अपर्णा उपाध्याय की ओर से सूबे के सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को गाइड लाइन भेजी गई है। गाइड लाइन में योग दिवस पर सामूहिक कार्यक्रम का आयोजन करने की मनाही है। गौतमबुद्ध नगर जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. दीपक ओहरी ने गाइडलाइन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए बताया संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कोविड काल में देखने में आया है कि लगातार योग करने वाले इस बीमारी से अपेक्षाकृत सुरक्षित रहे। इसके अलावा पोस्ट कोविड मामलों में योग काफी उपयोगी है। खासकर प्राणायाम है। योग से फेफड़ों की क्षमता बढ़ती है और कोविड-19 फेफड़ों पर ही वार करने वाली बीमारी है।

मिशन निदेशक की ओर से भेजे गए पत्र में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा गया है कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घर पर रहकर ही मनाया जाएगा। कोविड-19 के चलते इस मौके पर किसी भी प्रकार का सामूहिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। योग दिवस डिजीटल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से आयोजित करने के निर्देश मिशन निदेशक की ओर से दिए गए हैं। योग दिवस के प्रचार प्रसार और जन समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सोशल मीडिया, यू.टयूब, ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि अधिक से अधिक लोग घर बैठे योग दिवस के आयोजन में भागीदारी कर सकें।

आयुष मंत्रालय की ओर से प्रतिदिन सोशल मीडिया और विभिन्न ऑनलाइन माध्यमों एवं टीवी चैनलों के जरिए योग प्रशिक्षण कार्यक्रम का प्रसारण किया जा रहा है ताकि लोग घर बैठे योग सीखकर लाभांवित हो सकें। मिशन निदेशक की ओर से निर्देश दिए गए हैं कि फ्रंटलाइन स्वास्थ्यकर्मी योग दिवस का प्रचार-प्रचार करते हुए योग के महत्व और आयुष मंत्रालय द्वारा साझा की गई जानकारी और सोशल मीडिया प्लेटफार्म से जन समुदाय को अवगत कराएं।