Home उत्तराखण्ड पौड़ी : गुलदार ने घर में घुसकर किशोर पर किया हमला

पौड़ी : गुलदार ने घर में घुसकर किशोर पर किया हमला

पौड़ी : उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में जंगली जानवरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आये दिन जंगली जानवरों के हमले की ख़बरें आती रहती हैं। ताजा घटना पौडी गढ़वाल के कोट विकासखण्ड की है। यहाँ बणेल्स्यूँ पट्टी के ग्राम छैतूड़ में कल रात करीब 10 बजे गुलदार ने घर के अंदर घुसकर एक 16 साल के किशोर पर हमला कर दिया। इस हमले में 16 वर्षीय साहिल बिष्ट घायल हो गया है। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल पौड़ी लाया गया है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक ग्राम छैतूड़ में कल रात करीब 10 बजे गुलदार शिवचरण सिंह बिष्ट के घर के अंदर घुस गया। और उनके बेटे साहिल पर हमला कर दिया। गनीमत रही कि कमरे में और भी परिजन सो रहे थे। साहिल के चीख सुनकर परिजन जग गए और शोर मचाना शुरू कर दिया। जिससे घबराकर गुलदार साहिल को जख्मी कर भाग गया। जिसके बाद परिजन साहिल को सुबह जिला अस्पताल पौड़ी ले गए। साहिल कक्षा 12वीं राइका बसंतपुर में पड़ता है। घर के भीतर घुसकर किशोर पर हमले की घटना से क्षेत्र में गुलदार की दहशत बन गयी है। भयभीत ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार आदमखोर है और अन्य लोगों को अपना शिकार बना सकता है।

गत वर्ष व्यास चट्टी क्षेत्र में एक व्यक्ति को गुलदार ने हमला कर घायल कर दिया था। तब गुलदार को मारने के आदेश जारी किए गए थे। बहेड़ाखाल क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता प्रवेन्द्र नयाल ने वन विभाग से जल्दी गुलदार को पकड़ने की मांग की है। इस घटना से क्षेत्र के स्कूली छात्र विद्यालय जाने में घबरा रहे हैं। पौडी विधायक भी घायल किशोर का हालचाल जानने जिला अस्पताल पहुंचे हैं।

जगमोहन डांगी की रिपोर्ट