पौड़ी: घन्ना भाई फाउंडेशन के तत्वावधान में पौड़ी में आयोजित पौड़ी आइडल डांस कॉम्पिटिशन” युवा प्रतिभाओं के लिए एक यादगार मंच साबित हुआ। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और खूब सराहना बटोरी।

प्रसिद्ध मंच संचालक एवं हास्य कलाकार प्रशांत गगोड़िया तथा उनके दोनों भाइयों ने अपने स्वर्गीय पिता घन्नानन्द ‘घना भाई’ की स्मृति को जीवंत बनाए रखने और उनकी सोच को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य पहाड़ की प्रतिभाओं को अपनी कला और हुनर प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना रहा।

प्रतियोगिता में रवीशा कंडारी ने प्रथम, प्राची बिष्ट ने द्वितीय, गढ़ मादन ग्रुप ने तृतीय तथा आरोही नेगी ने चौथा स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई।

इस अवसर पर कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ कलाकार गोरे शंकर थपलियाल तथा जगमोहन नेगी (नकम भाई) को घन्ना भाई सम्मान” से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रशांत गगोड़िया ने कहा कि उनके पिता एक समर्पित कलाकार थे और हमेशा चाहते थे कि पहाड़ की प्रतिभाओं को अपना हुनर दिखाने के लिए उचित मंच मिले। इसी विचार को साकार करने के लिए तीनों भाइयों ने घन्ना भाई फाउंडेशन’ की स्थापना की है।

उन्होंने बताया कि उनके पिता की जन्मभूमि और कर्मभूमि पौड़ी रही है, इसलिए इस पहल की शुरुआत पौड़ी से की गई है। भविष्य में श्रीनगर, कोटद्वार सहित उत्तराखंड के विभिन्न शहरों में भी डांस और सिंगिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जबकि इन आयोजनों का भव्य ग्रैंड फिनाले राजधानी देहरादून में आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में थिएटर एवं फिल्म निर्देशक अरुण फारसी तथा बॉलीवुड कोरियोग्राफर सतीश आर्य शामिल रहे।

यह आयोजन न केवल नई प्रतिभाओं को पहचान दिलाने में सफल रहा, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का भी सशक्त संदेश देने में सफल रहा।