Red Cross Generic Medical Store Pauri District Hospital

पौड़ी: जिला चिकित्सालय पौड़ी में अब मरीजों को गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाइयां किफायती दरों पर उपलब्ध हो सकेंगी। जिलाधिकारी एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा की अध्यक्ष स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में सोमवार को जिला चिकित्सालय परिसर में रेडक्रॉस जेनेरिक मेडिकल स्टोर का शुभारंभ किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने मेडिकल स्टोर का उद्घाटन करते हुए कहा कि अस्पताल परिसर में शुरू की गई यह सुविधा मरीजों और उनके परिजनों के लिए काफी लाभदायक साबित होगी। अब आवश्यक जेनेरिक दवाइयां कम कीमत पर अस्पताल में ही उपलब्ध होने से बाहर से महंगी दवाइयां खरीदने की जरूरत काफी हद तक कम हो जाएगी।

उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय में प्रतिदिन दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल परिसर में ही जेनेरिक मेडिकल स्टोर खुलने से मरीजों का समय और धन दोनों की बचत होगी तथा उपचार का आर्थिक बोझ भी कम होगा। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर, सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है।

सीएमओ ने कहा कि जेनेरिक दवाइयां गुणवत्ता के सभी निर्धारित मानकों पर खरी उतरती हैं और ब्रांडेड दवाइयों की तुलना में काफी कम कीमत पर उपलब्ध होती हैं। उन्होंने मरीजों से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील भी की।

इस अवसर पर सीएमएस डॉ. एल.डी. सेमवाल, एसीएमओ डॉ. विनय कुमार त्यागी, भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन गणेश खुगशाल गणी (पौड़ी यूनिट), जिला सचिव केसर सिंह असवाल, कार्यकारिणी सदस्य डॉ. मदन मोहन नौडियाल, दलवीर सिंह बिष्ट, दीपक खनसूली, फार्मासिस्ट सौरभ पटवाल सहित रेडक्रॉस सोसायटी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।