देहरादून: बदरीनाथ धाम मंदिर चढ़ावा हेराफेरी के मामले में फरार चल रहे मंदिर ट्रस्ट के आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को एसआईटी ने रविवार देर रात उसके देहरादून स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम सादी वर्दी में पहुंची थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम आरोपी को पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बदरीनाथ कार्यालय लेकर आई है।
गौरतलब है कि बदरीनाथ धाम मंदिर में चढ़ावे के रखरखाव और जमा प्रक्रिया के दौरान वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत सामने आने के बाद मामले की जांच शुरू की गई थी। प्रारंभिक जांच में चढ़ावे की राशि में कथित गड़बड़ी के संकेत मिलने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार प्रयास कर रही थी।
इससे पहले प्रमोद नौटियाल ने गिरफ्तारी से राहत पाने के लिए नैनीताल उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। इस याचिका पर बीकेटीसी से कोर्ट ने जबाब मांगा था और 16 जुलाई को न्यायमूर्ति आलोक मेहरा की अदालत में सुनवाई प्रस्तावित थी।
चमोली पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी प्रमोद नौटियाल को रविवार देर रात उनके देहरादून स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया। इसके पश्चात उन्हें चमोली लाया गया और प्रकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है। बताया कि, जांच टीम दस्तावेजों,अभिलेखों तथा अन्य साक्ष्यों का परीक्षण कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच जारी है, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। नियमानुसार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
SIT ने CCTV फुटेज देखकर किया बड़ा खुलासा
मामला देश के प्रमुख तीर्थस्थल श्री बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की आस्था एवं मंदिर की वित्तीय पारदर्शिता से जुड़ा होने के कारण पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी चमोली मदन सिंह बिष्ट के निकट पर्यवेक्षण में विशेष जॉच टीम (SIT) गठित की गई तथा विवेचना प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बद्रीनाथ महादेव प्रसाद उनियाल द्वारा प्रारंभ की गई।
इस मामले में एसआईटी ने खुलासा किया है कि उन्होंने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की कई अवैध गतिविधियां पकड़ी हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में प्रमोद नौटियाल पर चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर प्रमोद चोरी की घटना में सीधे तौर पर शामिल था। फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि वह नकदी मोबाइल में दबाकर और सोना-चांदी के पैकेट जेब में छिपाकर मंदिर के बाहर ले जाते देखे गए।
नकदी मोबाइल में छिपाए और जेब में सोना-चांदी भरा
चमोली एसपी ने बताया कि विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। गवाहों के बयान दर्ज किए गए। फुटेज में प्रमोद नौटियाल को कई बार मंदिर के गणना कक्ष से धनराशि एवं अन्य भेंट सामग्री को अपने मोबाइल फोन के नीचे छिपाकर और जेब में रखकर बाहर ले जाते हुए पाया गया।
बदरीनाथ मंदिर से ये कीमती चढ़ावा अवैध रूप से ले जाता दिखा आरोपी
विवेचना के दौरान यह भी प्रकाश में आया कि आरोपी ने अलग-अलग समय पर ₹500 के नोट, सोना-चांदी के सिक्कों के पैकेट, शालिग्राम शिला एवं केसर का पैकेट गणना कक्ष से चुराया। सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य दस्तावेजों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मौजूद हैं। बदरीनाथ मंदिर में चंदन और केसर का उपयोग मुख्य रूप से भगवान बदरी विशाल के शृंगार, अभिषेक और तिलक के लिए किया जाता है। ऐसी मान्यता है कि ठंड में भगवान की मूर्ति को गर्माहट और शीतलता प्रदान करने के लिए इस पवित्र मिश्रण का लेप लगाया जाता है। इसे ‘तिलका’ या शृंगार कहते हैं।



