पौड़ी गढ़वाल: श्री ज्वालपा देवी सिद्ध पीठ पूजा समिति के त्रिवर्षीय चुनाव 15 फरवरी 2026 को ज्वालपा धाम में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। चुनाव में तीनों गांव अणेथ, कोला और नौगांव के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए।
समिति के कुल 375 पंजीकृत मतदाताओं में से 173 वैध मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। निर्वाचन अधिकारी पैनल में मनोज अणथ्वाल, चन्द्र भूषण अणथ्वाल और विमल अणथ्वाल को सर्वसम्मति से नामित किया गया था। मतदान के बाद अधिकारियों ने परिणाम घोषित किए।
घोषित परिणामों के अनुसार सतीश अणथ्वाल पुनः अध्यक्ष, अनिल किशोर अणथ्वाल सचिव, रोहित अणथ्वाल कोषाध्यक्ष तथा संजय अणथ्वाल प्रबंधक निर्वाचित हुए। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निर्बाध बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा पर्याप्त पुलिस व्यवस्था की गई थी।
नई कार्यकारिणी गठन के बाद आयोजित आमसभा में नवनिर्वाचित अध्यक्ष सतीश अणथ्वाल ने सभी सदस्यों का मतदान में भागीदारी के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग के लिए जिला अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, पौड़ी गढ़वाल का आभार व्यक्त किया।













