Home उत्तराखण्ड सतपुली: महिला पर चाकू से हमले के आरोप में दो महिलाएं गिरफ्तार

सतपुली: महिला पर चाकू से हमले के आरोप में दो महिलाएं गिरफ्तार

सतपुली: उत्तराखंड के सतपुली में आंगनबाड़ी केंद्र में महिला पर चाकू से हमला करने व दस्तावेजों को जलाने के आरोप में पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक दो महीने पहले सतपुली निवासी एक महिला द्वारा राजस्व पुलिस चैकी मौदाड़स्यूं-2, तहसील सतपुली में एक शिकायती प्रार्थना पत्र देकर बताया गया कि क्षेत्र के एक आंगनबाड़ी केन्द्र में दो महिलाओं द्वारा मुझ पर चाकू से हमला कर मुझे घायल कर दिया व आंगनबाड़ी केन्द्र के रजिस्टर भी जला दिये गये। जिस सम्बन्ध में राजस्व पुलिस चैकी सतपुली में बीएनएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

अभियोग महिला से सम्बन्धित होने के कारण विवेचना जिलाधिकारी के आदेशानुसार राजस्व पुलिस से रेगुलर पुलिस को स्थानान्तरित हुआ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इस प्रकरण में महिला पर चाकू से हमला कर घायल करने व सरकारी दस्तावेजों को जलाने से सम्बन्धित होने के कारण अपराध की गम्भीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुये तत्काल प्रभारी कोतवाली पौड़ी को टीम गठित करने एवं त्वरित कार्यवाही कर अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी करने हेतु निर्देशित किया गया।

प्रभारी कोतवाली कमलेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया, गठित टीम द्वारा ठोस सुरागरसी पतारसी कर अभियोग में संलिप्त दोनों आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार किया गया।  पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राकेश चैधरी, महिला मुख्य आरक्षी ज्योति देवराड़ी, आरक्षी देवेन्द्र सिंह शामिल रहे।