Home उत्तराखण्ड G20 summit Delhi: दिल्ली के प्रगति मैदान में ‘जी 20 क्राफ्ट मार्केट’...

G20 summit Delhi: दिल्ली के प्रगति मैदान में ‘जी 20 क्राफ्ट मार्केट’ प्रदर्शनी में छाए उत्तराखंड के उत्पाद, बिच्छू घास की जैकेट रही आकर्षण का केंद्र

G20 summit New Delhi: देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित G20 summit के दौरान प्रगति मैदान में आयोजित जी-20 क्राफ्ट बाजार प्रदर्शनी में उत्तराखंड के उत्पादों का भी स्टॉल लगाया गया है। ‘G20 क्राफ्ट बाजार प्रदर्शनी’ में उत्तराखंड का स्टॉल मेहमानों और लोगों का काफी आकर्षित कर रहा है। इस क्राफ्ट प्रदर्शनी में ऊनी वस्त्र, ताम्र उत्पाद समेत काष्ठ प्रतिकृति आदि शामिल हैं। इसके अलावा बिच्छू घास की बनी जैकेट आकर्षण का केंद्र रही। प्रधानमंत्री कार्यालय में उप सचिव मंगेश घिल्डियाल के साथ विभिन्न प्रदेशों के रेजिडेंट कमिश्नरों ने भी उत्तराखंड के स्टॉल का भ्रमण कर प्रदर्शित राज्य के उत्पादों की सराहना की।

उत्तराखंड के नोडल अधिकारी उपनिदेशक उद्योग विभाग डॉ. एम एस सजवाण ने बताया कि उत्तराखंड के उद्योग विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल में उत्तराखंड राज्य के हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। जिसमे ऊनी स्कार्फ, डूंडा शॉल, पिथौरागढ़ के ऊनी कार्पेट, केदारनाथ व अन्य धार्मिक स्थलों की काष्ठ प्रतिकृति, नैनीताल की ऐपण, उधमसिंहनगर की मूंज घास के उत्पाद, बागेश्वर के ताम्र उत्पाद, प्राकृतिक फाइबर (बिच्छू घास) जैकेट, प्रदर्शित किए गए हैं।

इस दौरान वाणिज्य मंत्रालय के सचिव ने स्टॉल का भ्रमण कर प्रदर्शित उत्पादों की जानकारी प्राप्त कर सराहना की। अन्य उत्पादों के साथ बिच्छू घास की बनी जैकेट की विशेष रूप से उन्होंने सराहना की।