ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-2 में आवारा कुत्तों के हमले का शिकार हुई एक महिला की आज हार्ट अटैक से मौत हो गई। मृतिका के बेटे डॉ. मनीष ने बताया कि बीते 6 मार्च को उनकी मां पार्क में टहल रही थीं। इस दौरान आवारा कुत्तों ने उनके ऊपर हमला कर दिया। उन्होंने बचने का प्रयास किया, लेकिन कुत्ते ने उनके पैर में कई जगह पर काट लिया। जिसके बाद उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
डॉक्टरों की सलाह के बाद उन्हें घर लाया गया, लेकिन घाव अधिक होने के कारण रेबीज के इंजेक्शन लगाए जा रहे थे। आरोप है कि कुत्ते के काटने के बाद से कमजोरी और लगातार बुखार आ रहा था। कुत्ते के काटने के बाद दो इंजेक्शन लगना बाक़ी थे, जोकि 20 मार्च और 3 अप्रैल को लगाया जाना था। उन्होंने बताया कि सोमवार रात उन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई, जिसके बाद सीपीआर दिया गया। स्थिति ठीक न होने पर परिजन आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों की कड़ी मशक्कत के बाद हार्ट अटैक से मौत हो गई।
उन्होंने आरोप लगाया है कि कुत्ते के काटने के बाद ही मां बेहद डर गई थी, जिसकी वजह से परेशान रह रही थी। कुत्तों के आतंक के कारण ही उन्होंने अपनी मां को खो दिया है, उन्होंने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों पर भी आरोप लगाए हैं कि कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब उनकी मां उनके बीच नहीं रही हैं। इसका जिम्मेदार कौन होगा।



