ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के जगत फार्म मार्केट में शनिवार रात दो बाइक सवार बदमाशों ने महिला के गले से चेन झपट ली और फरार हो गए। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जेपी अमन सोसायटी के निवासी राघवेंद्र सिंह शनिवार की शाम अपनी पत्नी और मां के साथ जगत फार्म मार्केट में शॉपिंग करने गए थे। रात करीब साढ़े नौ बजे जब यह परिवार अपनी खरीदारी पूरी करके अपनी कार की तरफ वापस लौट रहा था, तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक अचानक वहां आ धमके। बदमाशों ने इतनी फुर्ती से इस घटना को अंजाम दिया कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला। उन्होंने पीछे से आकर राघवेंद्र की पत्नी के गले पर झपट्टा मारा और सोने की चेन लूटकर तेजी से भाग निकले। इस अचानक हुए हमले और छीना-झपटी के कारण महिला के गले में हल्की खरोंचें और चोटें भी आई हैं। परिवार ने तुरंत इस घटना की शिकायत पुलिस से की।
पास में लगे सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे दो बदमाश मोटरसाइकिल पर आए और वारदात को अंजाम देकर भाग निकले। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।



