उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का निधन हो गया है। प्रतीक 38 साल के थे। प्रतीक को तबीयत बिगड़ने पर आज सुबह 6 बजे लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। प्रतीक की हार्ट अटैक या ब्रेन हेमरेज से मौत की बात कही जा रही है। मौत के कारणों का खुलासा करने के लिए पोस्टमार्टम भी कराया जाएगा।
प्रतीक यादव मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े राजनीतिक कुनबे मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव मुख्यधारा की सक्रिय राजनीति से दूर रियल एस्टेट व फिटनेस के व्यवसाय से जुड़े थे। लखनऊ में उनका जिम ‘द फिटनेस प्लैनेट’ प्रसिद्ध है। प्रतीक ने लीड्स यूनिवर्सिटी लंदन से एमबीए की डिग्री हासिल की थी। प्रतीक की शादी साल 2011 में अपर्णा के साथ हुई थी। स्कूल के दिनों में हुई अपर्णा और प्रतीक की दोस्ती कुछ समय बाद प्यार में बदल गई और दोनों ने दिसंबर 2011 में शादी कर ली थी।
प्रतीक की पत्नी अपर्णा ने साल 2017 के यूपी चुनाव में सपा के टिकट पर लखनऊ कैंट विधानसभा सीट से चुनाव लड़कर सियासी पारी का आगाज कर दिया था। तब अपर्णा को बीजेपी की उम्मीदवार रीता बहुगुणा जोशी ने 33 हजार वोट से अधिक के अंतर से हरा दिया था। अपर्णा यादव ने 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। इसके बाद से मुलायम सिंह परिवार से कुछ दूरियां भी बन गई थीं। वर्तमान में प्रतीक की पत्नी अपर्णा यादव भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की नेता और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। शादी से पहले अपर्णा यादव का नाम अपर्णा बिष्ट था। वह मूलरूप से उत्तराखंड की रहने वाली हैं।
प्रतीक यादव की फैमिली ट्री
- पिता: मुलायम सिंह यादव (सपा के संस्थापक, यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री)
- माता: साधना गुप्ता (मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी)
- पत्नी: अपर्णा यादव (भाजपा नेता)
- बच्चे: एक बेटी
- भाई (सौतेले): अखिलेश यादव (पूर्व मुख्यमंत्री, सपा अध्यक्ष)
- भाभी: डिंपल यादव (सांसद)
- भतीजे/भतीजी: अर्जुन, टीना, अदिति
- चाचा: शिवपाल सिंह यादव, अभयराम सिंह यादव, राजपाल सिंह यादव
- चचेरे भाई-बहनः आदित्य यादव (सांसद, शिवपाल यादव के बेटे), धर्मेंद्र यादव (सांसद, अभयराम सिंह यादव के पुत्र), अनुराग यादव (अभयराम सिंह यादव के पुत्र), संध्या यादव (अभयराम सिंह यादव की पुत्री), शीला यादव (अभयराम सिंह यादव की पुत्री)
सीएम योगी ने जताया शोक
प्रतीक यादव के निधन पर सपा के साथ ही बीजेपी के भी कई कद्दावर नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रतीक यादव के निधन पर दुख व्यक्त किया है। सपा ने प्रतीक को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए यह प्रार्थना की है कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। प्रतीक के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, यूपी बीजेपी के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि हमारी संवेदनाएं परिवार के साथ हैं।



