heat wave wreak havoc in Delhi-NCR: देश के ज्यादातर हिस्सों में इन दिनों प्रचंड गर्मी का कहर देखा जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि देश के कई हिस्सों में दिन में 10 से 11 बजे के बाद ही स्वघोषित कर्फ्यू जैसा माहौल हो जाता है। आमतौर पर लोग सुबह ही अपने काम निपटा रहे हैं और दोपहर होने से पहले घरों में लौट आते हैं।
खासतौर पर उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में गर्मी से बुरा हाल है। इस समय उत्तर प्रदेश का बांदा जिला देश में सबसे गर्म है। यहां पारा 48 डिग्री को पार कर गया। लू ने जमकर कहर बरपाया। बांदा में मौसम लगातार अपने तेवर दिखा रहा है। मंगलवार की सुबह से ही लू ने कहर बरपाया। भीषण गर्मी और लू के कारण सड़कों पर सन्नाटा रहा। दोपहर में पारा 48.2 डिग्री तक जा पहुंचा। लोग घरों में ही रहे। वहीं, मौसम विभाग की ओर से जिले में रेड अलर्ट जारी किया है। बुधवार को भी गर्मी का प्रकोप जारी है। सुबह से ही गर्मी तीखे तेवर दिखा रही है। अभी राहत मिलने के आसार नहीं है।
बांदा के अलावा इटावा, संभल समेत पूर्वी, पश्चिम यूपी और बुंदेलखंड समेत ज्यादातर इलाकों में गर्मी 45 डिग्री सेल्सियस के पार ही है। मंगलवार की बात करें तो देश के सबसे ज्यादा गर्मी वाले 10 जिलों में से 8 यूपी के रहे हैं तो वहीं 2 जिले छत्तीसगढ़ के हैं।
दिल्ली में पारा 45 पार, आज और प्रचंड गर्मी का अलर्ट
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को इस महीने का पहला ‘हीटवेव’ (लू) वाला दिन दर्ज किया गया, जिसमें सूखी हवाओं और तेज धूप की वजह से तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में हीटवेव से लेकर गंभीर हीटवेव की स्थितियों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, शहर के मुख्य मौसम निगरानी केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री ज़्यादा और पिछले दिन की तुलना में 1.7 डिग्री ज्यादा था। पालम केंद्र पर भी तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री ज़्यादा था और पिछले 24 घंटों में इसमें 1.6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई।
लोधी रोड केंद्र पर अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.2 डिग्री ज़्यादा और पिछले दिन की तुलना में 1.4 डिग्री ज्यादा था। इसके साथ ही यहा आधिकारिक तौर पर हीटवेव की स्थिति दर्ज की गई। वहीं, रिज केंद्र पर शहर का सबसे ज्यादा तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा था और पिछले 24 घंटों में इसमें 1.9 डिग्री की बढ़ोतरी हुई।
बांदा में क्यों है इतनी गर्मी, साल दर साल कैसे बढ़ रही
आखिर बांदा में इतनी गर्मी क्यों है। इसका जवाब है कि यह पठारी क्षेत्र है और यहां के पथरीले पठार जल्दी ही गर्म हो जाते हैं और फिर लंबे समय तक गर्म बने रहते हैं। ऐसी स्थिति में गर्मी कभी कम नहीं हो पाती। इस महीने पश्चिम यूपी और अवध के कई इलाकों में अच्छी खासी बारिश हुई थी, लेकिन साउथ यूपी कहे जाने वाले बुंदेलखंड के इलाके अछूते रहे। इसके चलते भी बांदा में गर्मी बनी हुई है। इसके अलावा एक वजह पर्यावरण से जुड़ी भी है। बांदा में अवैध खनन लगातार जारी है। इससे नदियां प्रभावित हुई हैं और ग्रीन कवर भी लगातार कम हो रहा है।
सर्वाधिक तापमान वाले जिले
- बांदा- 2 डिग्री सेल्सियस
- झांसी- 5 डिग्री सेल्सियस
- आगरा- 5 डिग्री सेल्सियस
- प्रयागराज-8 डिग्री सेल्सियस
इन जिलों में है लू का रेड अलर्ट
बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, फतेहपुर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी व आसपास के क्षेत्र ।
इन जिलों में है लू का ऑरेंज अलर्ट
कौशांबी, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, रायबरेली, औरैया, ललितपुर व आस पास के क्षेत्र।


