नई दिल्ली: उत्तराखण्ड की बहुप्रतीक्षित गढ़वाली फीचर फिल्म ‘भज्ञान’ शुक्रवार, 12 जून 2026 से दिल्ली के द्वारका स्थित पीवीआर वेगास मॉल तथा पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी स्थित मिराज (चांद सिनेमा) हॉल में प्रदर्शित होने जा रही है। फिल्म के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली-एनसीआर में रह रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों और गढ़वाली भाषा प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
भज्ञान फिल्म के प्रदर्शन से राजधानी में रहने वाले हजारों उत्तराखण्डवासियों को अपनी मातृभाषा और संस्कृति से जुड़ी इस फिल्म को बड़े पर्दे पर देखने का अवसर मिलेगा।
जोधा फिल्म के बैनर तले बनी गढ़वाली फिल्म ‘भज्ञान’ का लेखन एवं निर्देशन प्रसिद्ध फिल्मकार अशोक चौहान (आशु) ने किया है, जबकि इसके निर्माता संजय चमोली हैं। फिल्म का संगीत संजय कुमोला ने दिया है, जबकि फिल्म के गीत उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक गायक गढ़रत्न नरेन्द्र सिंह नेगी, प्रीतम भरतवाण, ओम बधाणी, पदम गुसांई, लेखराज भण्डारी, मीना राणा, प्रतिक्षा बमराड़ा, रेनू बाला, पूनम सकलानी ने गाये हैं।
फिल्म में उत्तराखण्ड की संस्कृति, सामाजिक जीवन, पारिवारिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है। फिल्म का कथानक दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ने के साथ-साथ समाज को एक सकारात्मक संदेश भी देता है।
फिल्म के गीत-संगीत में उत्तराखण्ड की लोकधुनों और सांस्कृतिक रंगों की झलक दिखाई देती है। फिल्म में कई चर्चित कलाकारों ने अपनी अभिनय प्रतिभा का प्रदर्शन किया है, जिससे इसकी प्रस्तुति और अधिक प्रभावशाली बन गई है।
उत्तराखंडी सिनेमा लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है और क्षेत्रीय फिल्मों को दर्शकों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। ऐसे में ‘भज्ञान’ का दिल्ली जैसे महानगर के सिनेमाघर में प्रदर्शित होना उत्तराखण्डी भाषा और संस्कृति के प्रचार-प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
फिल्म से जुड़े लोगों ने दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले सभी उत्तराखण्डवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार, मित्रों और परिचितों के साथ सिनेमा हॉल पहुंचकर फिल्म का आनंद लें तथा गढ़वाली सिनेमा को प्रोत्साहित करें। उनका कहना है कि क्षेत्रीय फिल्मों को दर्शकों का सहयोग मिलने से स्थानीय कलाकारों और फिल्म निर्माताओं का उत्साह बढ़ता है तथा उत्तराखण्ड की संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलती है।
फिल्म विवरण
- फिल्म: भज्ञान
- भाषा: गढ़वाली
- लेखक एवं निर्देशक: अशोक चौहान (आशु)
- निर्माता: संजय चमोली
- सह-निर्देशक: शान्तनु चौहान
- गीतकार: प्रीतम भरतवाण, पदम गुसांई, धर्मेश सागर
- गायक: नरेन्द्र सिंह नेगी, प्रीतम भरतवाण, ओम बधाणी, पदम गुसांई, लेखराज भण्डारी, मीना राणा, प्रतिक्षा बमराड़ा, रेनू बाला, पूनम सकलानी
- संगीत: संजय कुमोला, विजयपाल कलूरा, सुमित गुसांई
- क्रियेटिव / डांस डाइरेक्टर: अरविन्द नेगी
- प्रदर्शन प्रारम्भ: 12 जून 2026 (शुक्रवार)
स्थान: पीवीआर वेगास मॉल द्वारका, मिराज (चांद सिनेमा), त्रिलोकपुरी, पूर्वी दिल्ली
उत्तराखण्डी समाज के लोगों को उम्मीद है कि ‘भज्ञान’ दर्शकों के दिलों में विशेष स्थान बनाएगी और गढ़वाली सिनेमा की लोकप्रियता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।



