सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर सहमति से तय किए जाएंगे डॉग फीडिंग प्वाइंट, 31 दिसंबर तक 24 सोसाइटियों का शेड्यूल जारी
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा की विभिन्न आवासीय सोसाइटियों और सेक्टरों में स्ट्रे डॉग (आवारा कुत्तों) से जुड़ी समस्याएं लगातार सामने आ रही हैं। कई मामलों में डॉग फीडिंग को लेकर निवासियों और डॉग फीडर्स के बीच विवाद कानूनी लड़ाई तक पहुंच चुका है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने नई पहल शुरू की है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एनजी रवि कुमार के निर्देश पर अब प्रत्येक बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। इन बैठकों का उद्देश्य संबंधित सभी पक्षों की सहमति से डॉग फीडिंग प्वाइंट निर्धारित करना और आपसी विवादों का समाधान निकालना है।
बैठक की अध्यक्षता प्राधिकरण के महाप्रबंधक आर.के. भारती करेंगे। इसमें मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, संबंधित थाना प्रभारी, जिला पशु क्रूरता निवारण समिति के प्रतिनिधि, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के पशु चिकित्सक, एचसीएल फाउंडेशन, अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA), एस्टेट मैनेजर तथा डॉग फीडर्स को भी शामिल किया जाएगा।
बैठकों के दौरान सभी पक्षों से विस्तृत चर्चा कर सहमति के आधार पर डॉग फीडिंग प्वाइंट तय किए जाएंगे। साथ ही प्रतिभागियों को एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) नियमों के संबंध में भी जागरूक किया जाएगा, ताकि कानून के अनुरूप समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
प्राधिकरण ने 31 दिसंबर 2026 तक 24 सोसाइटियों के लिए बैठक का तिथिवार कार्यक्रम भी जारी किया है। पहली बैठक 23 जुलाई को आयोजित की गई थी। अब तक सेवियर ग्रीन आर्क, पार्श्वनाथ पैनोरमा और महागुन मायवुड सोसाइटियों के साथ तीन बैठकें सफलतापूर्वक आयोजित की जा चुकी हैं।
अगली बैठक 13 अगस्त को टेकजोन-4 स्थित हिमालया प्राइड सोसाइटी के साथ दोपहर 1 बजे ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय की छठी मंजिल स्थित बोर्ड रूम में आयोजित होगी।
इसके बाद क्रमशः जेपी ग्रीन्स (20 अगस्त), येस सिटी सेक्टर-1 (27 अगस्त), एआईजी पार्क एवेन्यू, गौर सिटी-1 (3 सितंबर), एटीएस ग्रीन पैराडिसो, चाई-4 (10 सितंबर), अम्रपाली गोल्फ होम, सेक्टर-4 (17 सितंबर), एनटीपीसी आनंदम, सेक्टर पी-3 (24 सितंबर), पटेल नियो टाउन, टेकजोन-4 (1 अक्टूबर), अफॉर्डेबल हाउसिंग सोसाइटी, स्वर्ण नगरी (8 अक्टूबर), निंबस एक्सप्रेस पार्क व्यू-2 (15 अक्टूबर), ग्रीनवुड गवर्नमेंट वेलफेयर सोसाइटी (22 अक्टूबर), सेंचुरियन पार्क (29 अक्टूबर), अर्थकॉन कासा ग्रैंड-2 (5 नवंबर), ड्रीम वैली विला (12 नवंबर), लोटस विला सोसाइटी (19 नवंबर), सुपरटेक इको विलेज-1 (26 नवंबर), स्ट्रैटेजिक रॉयल कोर्ट (3 दिसंबर), जेकेजी पाम कोर्ट (10 दिसंबर), पंचशील (17 दिसंबर), श्री राधा स्काई गार्डन (24 दिसंबर) तथा अंतरिक्ष गोल्फ लिंक (31 दिसंबर) में बैठकें आयोजित की जाएंगी।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) श्रीलक्ष्मी वी.एस. ने उम्मीद जताई कि इस पहल से सभी सोसाइटियों में डॉग फीडिंग प्वाइंट निर्धारित करने में सहमति बनेगी, विवादों में कमी आएगी और निवासियों व पशु प्रेमियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।



