दिल्ली-एनसीआर सहित यूपी में भी CNG और PNG के दाम घटे, जानिए अब कितने की मिलेगी सीएनजी एवं पीएनजी, नई दरें आज से हुई लागू

0
1763
CNG-PNG Gas Price

CNG Latest Price Slash: दिल्ली-एनसीआर सहित देश के विभिन्न शहरों में CNG और PNG का उपयोग करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली है। दिल्ली में अब सीएनजी 6 रुपये सस्ती हो गई है। नए दाम आज (9 अप्रैल) सुबह 6 बजे से लागू हो गए हैं। दिल्ली में अब सीएनजी की नई कीमत 73.59 प्रति किलो हो गई है।

वहीं नोएडा में सीएनजी के रेट 81.17 रुपये प्रति किलो था। यह अब 77.20 रुपये प्रति किलो हो गया है। वहीं ग्रेटर नोएडा वालों को अब तक प्रति किलो सीएनजी के लिए 82.12 रुपये देने पड़ रहे थे, उनको भी अब 77.20 रुपये प्रति ही देने होंगे। गाजियाबाद में भी सीएनजी अब तक 82.12 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रही थी। अब 77.20 प्रति किलो की दर से सीएनजी मिलेगी। वहीँ गुड़गांव में अब तक प्रति किलो सीएनजी के लिए 87.89 रुपये खर्च करने पड़ रहे थे। लेकिन अब 82.62 रुपये प्रति किलो देना होगा।

यूपी के इन शहरों में भी CNG के दाम घटे

यूपी में भी सीएनजी पांच रुपये सस्ती कर दी गई है। नए रेट रविवार सुबह से लागू हो गए। पहले लखनऊ, आगरा, उन्नाव में सीएनजी की दर 98.96 रुपये प्रति किलो थी। अब सीएनजी 93.96 रुपये प्रतिकिलो की नई दर पर मिलेगी।

अयोध्या में सीएनजी की दर 99.85 रुपये प्रतिकिलो थी, जो आज से 94.85 रुपये प्रति किलो हो गयी है। मुजफ्फरनगर, मेरठ और शामली में 81.58 रुपये प्रति किलो की नई दर से सीएनजी मिलेगी। दाम में कटौती का फायदा कानपुर, फतेहपुर और हमीरपुर निवासियों को भी मिला है। यहां सीएनजी की नई दर 84.42 रुपये प्रति किलो हो गई है। जबकि चित्रकूट, बांदा और महोबा में अब सीएनजी 84.42 रुपये प्रति किलो की नई दर से बिकेगी।

इसके अलावा रेवाड़ी में प्रति किलो सीएनजी का नया रेट 84.20 रुपये होगा। जबकि करनाल और कैथल वालों को 82.93 रुपये प्रति किलो देने होंगे। वहीं अजमेर, पाली और राजसमंद में सीएनजी की संशोधित दरें होंगी 84.42 रुपये प्रति किलो।

PNG के दाम भी हुए कम

घरेलू गैस की कीमत में भी कटौती की गई है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की कीमतों में बड़ी कटौती की है। PNG की नई कीमतें भी आज (9 अप्रैल) से ही लागू हो गयी हैं। दिल्ली में PNG की कीमत में 6 रुपये की कटौती हुई है। दिल्ली में पहले PNG 53.59 रुपये प्रति यूनिट थी, अब नई कीमत 48.69 प्रति यूनिट हो गई है। वहीं नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाज़ियाबाद में PNG की नई कीमत 48.46 प्रति यूनिट हो गई है। गुरुग्राम, रेवाणी, करनाल और कैथल में 47.40 रुपये प्रति SCM की दर से पीएनजी मिलेगी। मेरठ , मुजफ्फरनगर, शामली में PNG की कीमत 51.97 रुपये प्रति SCM  हो गई है।  जबकि कानपुर, फतेहपुर, हमीरपुर में PNG अब 51.10 रुपये प्रति SCM की नई दर से मिलेगी। अजमेर, पाली में PNG की नई कीमत 54.23 प्रति SCM हो गई है। लखनऊ और आगरा में PNG की नई कीमत 57.43 स्टैण्डर्ड क्यूबिक मीटर हो गयी है।