making reels by driving a Thar into the Ganges proved costly

uttarakhand News: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण इन दिनों गंगा नदी का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। प्रशासन और पुलिस लगातार लोगों को चेतावनी दे रहे हैं कि गंगा के तेज बहाव और किनारों से दूर रहें। लेकिन कुछ रील बनाने वाले और स्टंटबाज़ लोग अपनी जान जोखिम में डालकर इन चेतावनियों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। ऐसा ही एक हैरतअंगेज और खतरनाक मामला हरिद्वार से सामने आया है। जहां दो युवकों को सोशल मीडिया पर रील बनाने और स्टंट करने का शौक भारी पड़ गया और उनकी थार गाड़ी सीधे उफनती गंगा में समा गई।

शुक्रवार को हरिद्वार के कनखल क्षेत्र के बजरीवाला में दो युवक अपनी थार गाड़ी को गंगा नदी में ले जाकर वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के चलते गंगा का जलस्तर अचानक बढ़ गया और उनकी थार नदी के बीच फंस गई। कार में सवार युवकों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद और JCB की सहायता से वाहन को सुरक्षित बाहर निकलवाया। मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए पुलिस ने थार को सीज कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ये है पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र के बैरागी कैंप के पास दो युवक थार की इंजन क्षमता परखने और स्टंट करते हुए रील बनाने के उद्देश्य से गंगा किनारे पहुंचे थे। उन्होंने वाहन को नदी के भीतर उतार दिया, लेकिन अचानक जलस्तर बढ़ने से गाड़ी बीच धारा में फंस गई। युवकों ने पहले अपने स्तर पर वाहन निकालने का प्रयास किया, लेकिन पानी लगातार बढ़ने से स्थिति और गंभीर हो गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने रस्सी से वाहन को बांधकर बहने से रोका। सूचना मिलने पर कनखल थाने के एसएसआई अनुज सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल क्रेन बुलवाई, जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद थार को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

पुलिस ने थार किया सीज, युवकों को दी सख्त हिदायत:

सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि कुछ युवक गंगा नदी के भीतर थार वाहन उतारकर रील बना रहे थे। अचानक जलस्तर बढ़ने से वाहन नदी में फंस गया। जिसका वीडियो भी सामने आया है। जांच में सामने आया कि स्थानीय युवक रील बनाने और स्टंट करने के मकसद से वाहन को गंगा में लेकर गए थे। पुलिस ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए थार को सीज कर दिया। साथ ही संबंधित युवकों को भविष्य में इस तरह की हरकत न करने की सख्त चेतावनी दी गई।