श्रीनगर गढ़वाल: हिमालयन साहित्य एवं कला परिषद चेरिटेबल ट्रस्ट, श्रीनगर गढ़वाल द्वारा युवा साहित्यकार एवं परिषद के सक्रिय सदस्य डॉ. महेशानंद नौड़ियाल के स्थानांतरण पर एक साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन कर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई।

डॉ. महेशानंद नौड़ियाल का स्थानांतरण ओंकारानंद सरस्वती राजकीय महाविद्यालय, देवप्रयाग (टिहरी गढ़वाल) से डॉ. पीतांबर दत्त बड़थ्वाल हिमालयन स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार (पौड़ी गढ़वाल) में हुआ है।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि श्रीनगर में अपने कार्यकाल के दौरान डॉ. नौड़ियाल ने हिमालयन साहित्य एवं कला परिषद को अमूल्य सेवाएं प्रदान कीं। उनकी बहुमुखी प्रतिभा और सक्रिय सहभागिता से परिषद की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नई ऊर्जा और दिशा मिली। उपस्थित साहित्यकारों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए नई तैनाती के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर डॉ. महेशानंद नौड़ियाल को शॉल, बैज, माल्यार्पण एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद की मुख्य ट्रस्टी प्रो. उमा मैठाणी ने की। इस दौरान वरिष्ठ रंगकर्मी विमल बहुगुणा, कृष्णानंद मैठाणी, प्रो. संपूर्ण सिंह रावत, डॉ. प्रकाश चमोली, वीरेन्द्र रतूड़ी ‘बिट्टू भाई’, जय कृष्ण पैन्यूली, डॉ. दीपक द्विवेदी, शम्भू प्रसाद भट्ट ‘स्नेहिल’, माधुरी नैथानी, पूनम रतूड़ी, प्रमोद उनियाल, उम्मेद सिंह मेहरा, अनीता नौड़ियाल, पार्षद परवेश चमोली, मीनाक्षी चमोली, राजेन्द्र प्रसाद कपरुवाण, नीरज नैथानी सहित अनेक साहित्यकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।