दिल्ली पुलिस के ASI की कोरोना (COVID-19) से मौत, अब तक दो पुलिसकर्मियों की जा चुकी है जान

0
355

नई दिल्ली : देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। इसके साथ ही इस बीमारी से मरने वालों की संख्या में भी तेजी से बढ़ोत्तरी हो रही है। पूरे देश की बात करें तो अब तक 1,82,143 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 5,164 लोगों की अब तक जान जा चुकी है। भारत में पिछले 24घंटों में COVID19 के 8,380 मामले सामने आए हैं और 193 मौतें हुईं। वहीँ दिल्ली में अब तक 18,549 लोग कोरोना की चपेट में चुके हैं, जबकि 416 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है।

देशभर में कोरोना जिस तरह से पैर पसार रहा है, उसका बड़ा खामियाज़ा ड्यूटी पर तैनात कोरोनो वॉरियर्स को भी भुगतना पड़ रहा है। शनिवार को दिल्ली में एक असिटेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) की कोरोना वायरस संक्रमण के चलते मौत हो गई। मूल रूप से मध्य प्रदेश के रीवा जिले के रहने वाले 54 वर्षीय एएसआई शेषमणि पांडेय पूर्व सैनिक थे। उन्होंने 2014 में दिल्ली पुलिस जॉइन की थी। वैसे तो फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट थे और क्राइम ब्रांच में तैनात थे लेकिन अस्थाई तौर पर उनकी पोस्टिंग अभी सेंट्रल दिल्ली जिले में मोबाइल क्राइम टीम में थी। एएसआई पांडेय वर्तमान में पश्चिमी दिल्ली के नारायणा गांव में रह रहे थे। बुखार और खांसी की शिकायत के चलते उन्हें 26 मई को दिल्ली के लेडी हार्डिंग अस्पताल में भर्ती कराया था। 28 मई को आई जांच रिपोर्ट में कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। उसके बाद उन्हें उसी दिन आर्मी के बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन शनिवार को उनकी मौत हो गई। दिल्ली में कोरोना वायरस से हुई किसी पुलिसकर्मी की मौत का यह दूसरा मामला है। इससे पहले मई में उत्तर पश्चिमी दिल्ली के भारत नगर पुलिस थाने में तैनात 31 वर्षीय कांस्टेबल अमित राणा की भी कोविड-19 से मौत हो गई थी।