Home ग्रेटर नोएडा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने फिर लांच की औद्योगिक भूखंड योजना, 450 वर्ग...

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने फिर लांच की औद्योगिक भूखंड योजना, 450 वर्ग मीटर से 40,470 वर्ग मीटर तक के प्लॉट हैं शामिल

industrial plots scheme greater noida authority

ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा में औद्योगिक निवेशकों का रुझान तेजी से बढ़ा है। बीते माह लांच हुई औद्योगिक भूखंड योजना में बड़ी संख्या में आए आवेदनों से यह पता चलता है। पिछली स्कीम में कुल 23 भूखंडों के लिए 384 आवेदन आए, जिनमें से करीब 340 आवेदन वन टाइम पेमेंट वाले थे। इसे देखते हुए प्राधिकरण ने सेक्टर ईकोटेक वन एक्सटेंशन वन और इकोटेक -6 में 90 भूखंडों की योजना फिर से लांच कर दी है। पिछली स्कीम में प्लॉट न पाने वाले आवेदक इस योजना में आवेदन कर सकते हैं। इन आवंटनों से करीब 600 से 700 करोड़ रुपये का निवेश और 2000 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। इस योजना के सभी भूखंडों के आवंटन से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को करीब 200 से 250 करोड़ रुपये की आमदनी होने का आकलन है।

औद्योगिक निवेश के मामले में ग्रेटर नोएडा उद्यमियों की पहली पसंद बना हुआ है। बीते कुछ वर्षों में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने औद्योगिक निवेशकों को बेहतर माहौल दिया है। इस वजह से ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के मामले में ग्रेटर नोएडा देश के कुछ चुनिंदा शहरों में एक बन गया है। ग्रेटर नोएडा में उद्योग लगाने के लिए निवेशक जमीन दिलाने की मांग प्राधिकरण से लगातार कर रहे है। यह तथ्य बीते माह लांच हुई औद्योगिक भूखंड योजना से साबित हो रहा है। उस स्कीम में 23 भूखंडों के लिए 384 आवेदन आए, जिनमें से करीब 340 आवेदक एकमुश्त भुगतान वाले थे। हालांकि 23 आवेदकों की सफल हुए, बाकी आवेदकों को निराशा ही हाथ लगी थी। उनकी निराशा को दूर करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण के निर्देश पर उद्योग सेल ने 90 भूखंडों की औद्योगिक योजना लांच कर दी है। ये भूखंड सेक्टर ईकोटेक वन एक्सटेंशन वन और ईकोटेक-6 में स्थित हैं। ये भूखंड 450 वर्ग मीटर से 40,470 वर्ग मीटर एरिया तक के हैं। इस योजना के अंतर्गत भूखंडों के लिए 03 नवंबर से ही ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। 25 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं। 05 दिसंबर के आसपास ड्रा संभावित है। 4000 वर्ग मीटर से कम आकार के भूखंडों का आवंटन ड्रा से और 4000 वर्ग मीटर से बड़े आकार के भूखंडों का आवंटन साक्षात्कार के जरिए होगा। इन भूखंडों पर ग्रीन कैटेगरी (नॉन पोल्यूटिंग कैटेगरी) के सभी तरह के उद्योग लगाए जा सकते हैं। सभी भूखंडों के आवंटित हो जाने पर  प्राधिकरण को करीब 200 से 250 करोड़ रुपये की आमदनी होगी, जबकि 600 से 700 करोड़ रुपये के निवेश और 2000 लोगों को रोजगार का भी आकलन है। इस योजना से जुड़ी जानकारी ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की वेबसाइट www.greaternoidaauthority.in और निवेश मित्रा पोर्टल www.niveshmitra.up.nic.in पर भी उपलब्ध है।

पिछली स्कीम में एकमुश्त भुगतान वाले कई आवेदक प्लॉट न मिलने से निराश हुए थे, जबकि वे तत्काल उद्योग लगाना चाहते हैं। निवेश व रोजगार देना चाहते हैं। ऐसे उद्यमियों को बढ़ावा देने की जरूरत है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने औद्योगिक भूखंड योजना फिर से लांच कर दी है। उद्यमी निवेश मित्रा पोर्टल के जरिए ऑनलाइन ही आवेदन कर सकते हैं। उन्हें दफ्तर आने की जरूरत नहीं है। आवेदन से लेकर आवंटन तक की प्रक्रिया ऑनलाइन ही पूरी की जाएगी। आवंटन होने के बाद आवंटन राशि व सभी कागजी प्रक्रिया पूरी होते ही प्लॉट पर पजेशन दे दिये जाएंगे, जिससे वे शीघ्र उद्योग लगा सकेंगे।

नरेंद्र भूषण, सीईओ, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण