Odisha Health Minister Naba Kishore Das died

बीजू जनता दल के विधायक और ओडिशा नवीन पटनायक सरकार में स्वास्थ्य मंत्री नाबा किशोर दास पर आज दोपहर एक पुलिसकर्मी ने जानलेवा हमला किया। झारसुगुड़ा के गांधी चौक में बीजद कार्यालय का उद्घाटन करने पहुंचे ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नाबा किशोर दास पर रविवार की सुबह 12:10 बजे गांधी चौक पुलिस चौकी के अधिकारी एएसआइ गोपाल दास ने गोली चला दी। नजदीक से चलाई गई एक गोली उनके बाए सीने पर लगी, कार की अगली सीट पर बैठे स्वास्थ्य मंत्री खून से लथपथ कार के पास ही गिर पड़े। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके सीने पर तीन से चार गोलियां लगी थी।

घटना के बाद भीड़ ने हमलावर एएसआइ की पिटाई कर दी। पुलिस ने भीड़ छुड़ाते हुए एएसआई को गिरफ्तार कर अपने साथ अज्ञात जगह ले गई। हालांकि अभी तक पुलिसकर्मी का स्वास्थ्य मंत्री पर जानलेवा हमला करने का पता नहीं लग पाया है। उधर घटना के बाद तुरंत मंत्री को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। प्राथिमिक इलाज के बाद उन्हें विशेष विमान से भुवनेश्वर स्थित अपोलो अस्पताल ले जाया गया। जहाँ करीब 7 घंटे बाद इलाज के दौरान दास की मौत हो गई। इससे पहले मुख्यमंत्री नवीन पटनायक भी दास से मिलने अस्पताल पहुंचे थे।

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मंत्री नाबा दास के दुर्भाग्यपूर्ण निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा- हमले की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। नवीन पटनायक ने स्वास्थ्य मंत्री पर हमले की निंदा की है। ओडिशा CMO की ओर से जारी बयान में कहा गया कि वे सरकार और पार्टी दोनों के लिए एक संपत्ति थे। उनका निधन ओडिशा राज्य के लिए एक बड़ी क्षति है। क्राइम ब्रांच को जांच करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों को घटनास्थल पर जाने के लिए कहा गया है।

नाबा किशोर दास ने अपना राजनीतिक करियर छात्र राजनीति से शुरू किया था। जहां उन्होंने संबलपुर में छात्र संघ से अपना राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। उस वक्त अस्सी के दशक का दौर था और नाबा किशोर दास गंगाधर मेहेर कॉलेज में पढ़ाई कर रहे थे। नाबा किशोर दास अपने परिवार में पांच भाई बहनों में तीसरे नंबर पर थे। यानी कुल मिलाकर कहें तो नाबा किशोर दास को राजनीति विरासत में नहीं मिली थी। राजनीति में जो मुकाम उन्होंने बनाया वो उनकी अपनी मेहनत के बल पर था।

बता दें कि नाबा किशोर दास ने ओडिशा की झारसुगुड़ा सीट से 2004 में पहली बार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए। इसके बाद 2009 में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीते। 2014 में भी कांग्रेस से जीते। साल 2019 का चुनाव वे बीजू जनता दल से लड़कर लगातार तीसरी बार इसी सीट से विधायक चुने गए। नाबा किशोर दास को क्षेत्र में प्रभावशाली नेता माना जाता थाहै। इसके साथ उन्हें नवीन पटनायक सरकार में सबसे अमीर मंत्री भी माना जाता था।

आरोपी ASI गिरफ्तार

उधर, पुलिस ने फायरिंग करने वाले ASI गोपालदास को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है, लेकिन अभी तक आरोपी ने हमले की वजह नहीं बताई है। इधर, राज्य सरकार ने मामले की जांच सीआईडी-क्राइम ब्रांच को दे दी है। 7 सदस्यीय स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम में साइबर, बैलिस्टिक और क्राइम ब्रांच के अधिकारी शामिल हैं। टीम का नेतृत्व DSP रमेश सी डोरा कर रहे हैं।