दिल्ली विश्वविद्यालय के नए कुलपति बने प्रोफेसर योगेश सिंह, जानिए डीयू के नए वीसी के बारे में

0
1065

नई दिल्ली : दिल्ली विश्वविद्यालय को आखिरकार लंबे इंतजार के बाद नया कुलपति (VC) मिल गया है। दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (DTU) के पूर्व कुलपति प्रोफेसर योगेश सिंह को दिल्ली विश्वविद्यालय का नया कुलपति नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति ने प्रोफेसर योगेश सिंह को दिल्ली विश्वविद्यालय का नया कुलपति नियुक्त किया है। राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद शिक्षा मंत्रालय ने बुधवार को इसके आदेश भी जारी कर दिए हैं। प्रोफेसर सिंह मौजूदा समय में दिल्ली टेक्निकल यूनिवर्सिटी के कुलपति हैं।

प्रोफेसर योगेश सिंह अभी दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) के कुलपति हैं। इससे पहले वर्ष 2014 से 17 तक वे नेताजी सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के निदेशक थे। वह 2011 से 2014 तक महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय बड़ौदा के भी कुलपति रह चुके हैं। साथ ही वह गांधीनगर के सूचना और पुस्तकालय नेटवर्क केंद्र के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। प्रो. योगेश सिंह ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) कुरुक्षेत्र से एमटेक और पीएचडी किया है। प्रो. योगेश सिंह को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का करीबी माना जाता है। वे आरएसएस के समर्थन वाले शिक्षक संगठन भारतीय शिक्षण मंडल से भी जुड़े हैं।

इसके साथ ही शिक्षा मंत्रालय ने प्रोफेसर नीलिमा गुप्ता को डॉ. हरि सिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर, मध्य प्रदेश का कुलपति भी नियुक्त किया है।