Home दिल्ली-एनसीआर गढ़वाल हितैषिणी सभा” के चुनाव संपन्न, पैनल न. 2 ने किया क्लीन...

गढ़वाल हितैषिणी सभा” के चुनाव संपन्न, पैनल न. 2 ने किया क्लीन स्वीप, सूरत सिंह रावत बने अध्यक्ष, महासचिव पवन मैठाणी,  देखें पूरी लिस्ट

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर मे प्रवासी उतराखंडियों की सबसे पुरानी व सबसे बड़ी संस्था “गढ़वाल हितैषिणी सभा” की नई कार्यकारिणी के आम चुनाव रविवार को दिल्ली के पंचकुयां रोड़ स्थित गढ़वाल भवन मे शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए. इस बार के चुनाव में  कुल तीन पैनलों के करीब 55 उम्मीदवार मैदान में थे। हालांकि  मुख्य मुकाबला पैनल 1 और पैनल 2 के बीच ही था।
देर शाम घोषित चुनाव परिणामों मे पैनल न. 2 क्लीन स्वीप करते हुए  अप्रत्याशित जीत हासिल की. अध्यक्ष पद पर पैनल न. 2 के सूरत सिंह रावत तथा महासचिव पद पर पवन मैठाणी ने जीत हासिल की।
रविवार को सुबह 10 बजे से ही वोटिंग प्रक्रिया शुरू हो गई थी। वोटिंग शुरू होते ही बड़ी संख्या में मतदाता गढ़वाल भवन पहुंचे। इस दौरान। तीनों पैनल के वॉलेंटियर मतदाताओं से अपने अपने पक्ष में वोट करने के लिए मनाते हुए नजर आये। अन्य सालों के मुकाबले इस बार के चुनाव में काफी खींचातानी देखने को मिली। मतदान का समय सुबह 10 बजे से 5 बजे तक था। चुनाव के परिणाम 7 बजे के बाद घोषित किए गए।
रविवार को हुए मतदान में लगभग 40 प्रतिशत  मतदान हुआ। कुल 4500 सदस्यों में से केवल 1658 सदस्य ही वोट करने पहुंचे। वोटों की गिनती के बाद आए परिणामों में पैनल नंबर 2 ने सभी पदों पर भारी अंतर से जीत दर्ज की।
गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व पैनल एक और दो के बीच तकरार के कारण ही एक बार चुनाव रद्द करने पड़े थे। जिससे दोनों पक्षों के बीच काफी तीखी नोक झोंक भी हुई और चुनाव अधिकारी तक को अपना इस्तीफा देना पड़ा था। इसके बाद महापंचायत की मीटिंग के बाद 16 मार्च को चुनाव कराने का फैसला लिया गया था।
कौन कितने वोट अंतर से जीता
अध्यक्ष पद पर पैनल नंबर दो के विजयी उम्मीदवार सूरत सिंह को 868 मत मिले। जबकि पैनल नंबर एक के निवर्तमान अध्यक्ष अजय बिष्ट को  745 मत प्राप्त हुए। इस तरह कर पैनल नंबर दो के सूरत सिंह रावत ने 123 मतों से जीत हासिल की। मतगणना के दौरान 40 मत अवैध हो गए।
वहीं महासचिव पद पर पैनल नंबर दो के पवन कुमार मैठाणी ने 906 मत प्राप्त कर पैनल नंबर एक के अनिल पंत को 205 मतों से पराजित किया। अनिल पंत को 701 मत प्राप्त हुए।
उपाध्यक्ष पद की सूची में पैनल संख्या 2 के शैलेन्द्र सिंह नेगी ने 914 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी बिशन सिंह राणा को 215 मतों से हराया है, जिन्हें मात्र 699 मत प्राप्त हुए। सचिव, कोषाध्यक्ष, उप कोषाध्यक्ष, संगठन सचिव तथा सचिव संस्कृति, साहित्य एवं खेल के पदों पर भी पैनल 2 के  पदाधिकारी विजेता घोषित हुए।