श्रीनगर गढ़वाल: राजकीय इण्टर कॉलेज हिंसरियाखाल, विकासखंड कीर्तिनगर, जनपद टिहरी गढ़वाल में कार्यरत गणित प्रवक्ता डॉ. हर्षमणि पाण्डेय ने शिक्षा के क्षेत्र में एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल “Mathematics Pleasure” पर गणित विषय के 2000 वीडियो अपलोड कर दिए हैं। यह उपलब्धि किसी भी गणित अध्यापक के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है।
डॉ. पाण्डेय द्वारा संचालित इस शैक्षिक चैनल पर कक्षा 7 से कक्षा 12 तक के गणित विषय का सम्पूर्ण पाठ्यक्रम वीडियो के रूप में उपलब्ध है, जबकि कक्षा 6 के पाठ्यक्रम को भी पूर्ण रूप से उपलब्ध कराने का कार्य निरंतर जारी है। उनका लक्ष्य कक्षा 6 से 12 तक के सम्पूर्ण गणित पाठ्यक्रम को एक ही मंच पर विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराना है।
डॉ. पाण्डेय का कहना है कि ऑनलाइन वीडियो के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री सहज रूप से प्राप्त हो रही है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को विशेष लाभ मिल रहा है। उनके अनुसार चैनल पर सम्पूर्ण पाठ्यक्रम उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को गणित विषय के लिए अलग से ट्यूशन लेने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, जिससे उनके समय और धन दोनों की बचत होगी।
गणित शिक्षण के अतिरिक्त इस चैनल पर राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति (NMMS), डॉ. शिवानन्द नौटियाल छात्रवृत्ति, राज्य योग्यता छात्रवृत्ति (श्रीदेव सुमन छात्रवृत्ति) तथा मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति परीक्षा की तैयारी भी कराई जाती है। डॉ. पाण्डेय के अनुसार चैनल के माध्यम से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने इन छात्रवृत्ति परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर छात्रवृत्तियां हासिल की हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में उनकी यह पहल विद्यार्थियों के लिए न केवल ज्ञानवर्धक सिद्ध हो रही है, बल्कि डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण योगदान है।



